9वीं कक्षा के छात्र ने शिक्षक को मारी गोली : इस तरह छुपा कर लाया था स्कूल में रिवाल्वर

काशीपुर स्कूल शूटआउट: शिक्षक पर छात्र ने चलाई गोली

काशीपुर,
21 अगस्त 2025,

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में स्कूल परिसर से हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक निजी स्कूल में 9वीं कक्षा के छात्र ने अपने ही शिक्षक पर तमंचे से गोली चला दी। गोली शिक्षक के दाएं कंधे के नीचे लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के अनुसार, छात्र और शिक्षक के बीच विवाद की शुरुआत तब हुई जब शिक्षक ने अनुशासन तोड़ने पर छात्र को थप्पड़ जड़ दिया। गुस्से में छात्र ने अपने लंच बॉक्स में तमंचा छिपाकर स्कूल लाया और कक्षा में ही शिक्षक पर गोली चला दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है और तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। इस घटना के बाद काशीपुर समेत कई स्कूलों को आज एहतियातन बंद रखा गया है।

बताया जा रहा है कि घायल शिक्षक की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

🔴 गाजीपुर में भी हुआ था खौफनाक स्कूल कांड
गौरतलब है कि इसी सप्ताह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में भी छात्रों के बीच विवाद ने खून-खराबे का रूप ले लिया था। यहां 9वीं कक्षा के छात्र ने 10वीं के छात्र आदित्य वर्मा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी छात्र ने चाकू को पानी की मेटल बोतल में छिपाकर लाया था और मौका मिलते ही बाथरूम के पास वारदात को अंजाम दिया। आदित्य विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आरोपी ने बेरहमी से उसकी जान ले ली। इस हमले में बीच-बचाव करने आए तीन अन्य छात्र भी घायल हो गए थे।

🔎 बड़ा सवाल: स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
इन दोनों घटनाओं ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की मानसिकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर नाबालिग छात्र हथियार लेकर स्कूल कैसे पहुंच जा रहे हैं? क्या अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की निगरानी पर्याप्त नहीं है?

विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों पर बढ़ता तनाव, हिंसक सोच और गैजेट्स व मीडिया के जरिए मिलने वाली आपराधिक प्रेरणाएं ऐसी घटनाओं की जड़ हो सकती हैं। अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस और प्रशासन ऐसी वारदातों पर लगाम लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।

📌 (NGV PRAKASH NEWS)


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *