
धमतरी पुलिस, डीआरजी और सीएएफ खल्लारी को बड़ी सफलता, सर्चिंग ऑपरेशन में बम और नक्सली सामान बरामद
👉 रायपुर से मेघा तिवारी की विशेष रिपोर्ट..
रायपुर/धमतरी। धमतरी पुलिस, नगरी डीआरजी और सीएएफ खल्लारी की संयुक्त टीम ने नक्सल सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। माओवादियों द्वारा जंगल में डंप किए गए बम और दैनिक उपयोग के नक्सली सामान बरामद किए गए हैं।
टीम ने सर्चिंग के दौरान 03 नग कुकर बम, 02 नग पाइप बम, 01 नग टिफिन बम, 01 नग वॉकी-टॉकी, दवाइयां, राशन, बर्तन समेत अन्य सामग्री बरामद की। बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) टीम द्वारा मौके पर डंप किए गए बमों को सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर दिया गया, जिससे नक्सलियों के किसी भी संभावित हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया।
धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने पुलिस व डीआरजी टीम को लगातार सूचना तंत्र मजबूत कर नक्सल विरोधी सर्चिंग अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
दिनांक 26 अप्रैल 2025 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय के मार्गदर्शन में नगरी डीआरजी व सीएएफ खल्लारी की टीम सर्चिंग अभियान पर थाना खल्लारी क्षेत्र के चमेंदा और साल्हेभाट इलाके में रवाना हुई थी। सुबह करीब 8 बजे चमेंदा-साल्हेभाट के बीच जंगल में अलग-अलग स्थानों पर दो जगह माओवादियों द्वारा डंप किए गए विस्फोटक और सामग्री मिली। सामान को एक त्रिपाल झिल्ली और नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में भरकर छिपाया गया था।
घटना स्थल थाना खल्लारी क्षेत्र का होने के कारण थाना खल्लारी में अज्ञात प्रतिबंधित माओवादियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 02/25, धारा 04, 05 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
NGV PRAKASH NEWS

