छात्राओं से गैंगरेप के मामले में 5वीं एफआईआर, आरोपियों के हौसले पुलिस रिमांड में भी बुलंद


भोपाल: निजी कॉलेज की छात्राओं से गैंगरेप के मामले में 5वीं एफआईआर, आरोपियों के हौसले पुलिस रिमांड में भी बुलंद

भोपाल, 30 अप्रैल 2025।
निजी कॉलेज की छात्राओं के साथ गैंगरेप और अत्याचार के मामले में बागसेवनिया पुलिस ने पांचवीं एफआईआर दर्ज की है। पुलिस को मुख्य आरोपी फरहान अली के मोबाइल से एक सनसनीखेज वीडियो मिला है, जिसमें वह और उसका साथी एक युवती के साथ नृशंसता करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पीड़िता गिड़गिड़ाते हुए छोड़ने की गुहार लगा रही है, जबकि आरोपी बेरहमी से उसे पीटते और शोषण करते दिख रहे हैं।

इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने पीड़िता की तलाश की और उसे काउंसलिंग के जरिए एफआईआर के लिए राजी किया। फिलहाल यह मामला जीरो पर दर्ज कर बजरिया थाने स्थानांतरित किया जा रहा है।

पुलिस गैंगरेप की आशंका पर भी जांच कर रही है। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने 2024 में उसे अपना शिकार बनाया था।

आरोपियों का पुलिस रिमांड में भी बेशर्म रवैया
रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी फरहान अली ने बेहद बेशर्मी से कहा कि उसे कोई पछतावा नहीं है। यहां तक कि उसने कहा—“अगर पता होता एफआईआर होगी, तो सबके वीडियो वायरल कर देता।”

इंदौर तक पहुंचा था फरहान, चाकू की नोक पर किया दुष्कर्म
पहली एफआईआर की पीड़िता फरहान के अत्याचार से तंग आकर इंदौर चली गई थी, लेकिन फरहान वहां भी पहुंच गया और चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया। भोपाल पुलिस अब इंदौर जाकर उस घटनास्थल की जांच कर रही है और अहम साक्ष्य जुटाए हैं।

धर्मांतरण का दबाव, नशा देकर किया रेप
जांच में सामने आया है कि फरहान और उसके साथी हिन्दू छात्राओं को ड्रग्स देकर रेप करते थे और उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाते थे।

अब तक 7 युवतियों से दुष्कर्म के प्रमाण मिले

  • पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं।
  • सात वीडियो में फरहान खुद शोषण करते नजर आ रहा है।
  • फरारी के दौरान अली और साहिल ने कई वीडियो डिलीट करने की कोशिश की थी।
  • अशोका गार्डन पुलिस आरोपी अली को उन स्थानों पर लेकर गई, जहां पीड़िताओं का शोषण हुआ था।
  • घटना में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *