
दाढ़ी कटवाने से किया इनकार, पत्नी देवर के साथ भागी; अब ₹5 लाख की कर रही डिमांड
मेरठ, 30 अप्रैल 2025।
उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति की दाढ़ी पसंद न आने के कारण पहले विवाद खड़ा किया और फिर क्लीन शेव देवर के साथ फरार हो गई। अब महिला अपने पति से ₹5 लाख की मांग कर रही है, जिससे परेशान होकर पति ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
यह मामला मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित उज्जवल गार्डन कॉलोनी का है। यहां रहने वाले मौलाना शाकिर का निकाह करीब सात महीने पहले इंचौली निवासी अर्शी नाम की युवती से हुआ था। शाकिर का कहना है कि निकाह के बाद ही अर्शी को उसकी दाढ़ी से आपत्ति होने लगी और उसने बार-बार दाढ़ी कटवाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। लेकिन शाकिर ने इसे अपने धार्मिक विश्वास का हिस्सा बताते हुए मना कर दिया।
इसी को लेकर दोनों के बीच झगड़े बढ़ने लगे। शाकिर ने जब यह बात अर्शी के परिजनों को बताई, तो कोई समाधान नहीं निकला। इसी बीच उसे यह भी पता चला कि अर्शी का अपने देवर से नज़दीकी रिश्ता बन गया है। आखिरकार, 3 फरवरी को अर्शी अपना सारा सामान लेकर देवर के साथ घर से चली गई। शाकिर ने तत्काल पुलिस चौकी में इसकी सूचना दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। वहीं, अर्शी के मायके वालों ने भी उससे संबंध तोड़ लेने की बात कही।
अब शाकिर का आरोप है कि अर्शी उस पर ₹5 लाख रुपये देने का दबाव बना रही है। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और इंसाफ की मांग की है। इस मामले में मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

