
रिश्तों की मर्यादा फिर हुई तार-तार: नाबालिग भाई ने सगी बहन से किया दुष्कर्म, प्रेग्नेंसी से हुआ खुलासा
पलवल (हरियाणा):
कैसा दौर आ गया है, जहां खून के रिश्ते भी सुरक्षित नहीं रहे। भाई-बहन जैसे पवित्र संबंध को कलंकित करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला हरियाणा के पलवल जिले से सामने आया है। गदपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़के ने अपनी ही सगी बहन के साथ दुष्कर्म किया। यह शर्मनाक घटना तब सामने आई जब पांच महीने बाद पीड़िता को पेट में तेज दर्द हुआ और इलाज के लिए ले जाने पर पता चला कि वह गर्भवती है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की मां ने गदपुरी थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया कि उसके नाबालिग बेटे ने अपनी छोटी बहन को हवस का शिकार बनाया। जांच में खुलासा हुआ कि यह घटना नवंबर 2024 में हुई थी, लेकिन भाई द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने के कारण पीड़िता ने यह बात किसी को नहीं बताई।
परिवार को इस घटना की जानकारी तब हुई जब लड़की को पेट दर्द की शिकायत हुई। जब डॉक्टर ने जांच की तो वह गर्भवती पाई गई। इसके बाद जब परिजनों ने लड़की से पूछताछ की, तो उसने रोते हुए आपबीती बताई और बताया कि उसका सगा भाई ही इस घिनौने कृत्य का आरोपी है।
गदपुरी थाना प्रभारी अश्वनी के अनुसार, दोनों ही नाबालिग हैं और सगे भाई-बहन हैं। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी नाबालिग फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह घटना समाज में नैतिक पतन और पारिवारिक मूल्यों के गिरते स्तर की एक और दुखद मिसाल बन गई है। जब घर ही सुरक्षित न रहे, तो सवाल उठता है — आखिर हमारे संस्कार और सामाजिक ढांचे को क्या होता जा रहा है?
NGV PRAKASH NEWS

