
NGV PRAKASH NEWS
बस्ती, 1 मई 2025।
लोग साथ जीने मरने की कसमें खाते हैं, मगर बहुत काम ही मामले ऐसे होते हैं जिसमें दोनों साथ जीते हैं और साथ मर भी जाते हैं |
ऐसी एक घटना थाना वाल्टरगंज क्षेत्र में हुई जहां पर बुजुर्ग पति- पत्नी एक दर्दनाक हादसे में एक साथ मौत के मुंह में समा गए |
जनपद के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो रही थी, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो गया।
मिली जानकारी के अनुसार वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के हसनापुर के निकट ग्राम पंचायत रेहर जंगल के रहने वाले राम चरण (55) और उनकी पत्नी चंद्रावती देवी (52) अपने खेत में मेहनत कर रहे थे। दोपहर के समय मौसम अचानक बदल गया और बारिश शुरू हो गई। दोनों अपने खेत में ही थे कि तभी अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
गांव के लोगों ने जब खेत में दोनों के शव पड़े देखे तो पूरे गांव में हाहाकार मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मृतकों के परिजनों को सूचना दी। परिजन शवों को घर ले आए। इस असमयिक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव के लोगों ने बताया कि राम चरण और चंद्रावती देवी बेहद मेहनती और मिलनसार थे। उनकी असमय मौत से गांव ने दो सच्चे कर्मठ किसान खो दिए हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि उनके परिवार को कुछ राहत मिल सके।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सतर्कता कितनी जरूरी है।
NGV PRAKASH NEWS

