
इटावा: बेटी की शादी के बहाने पहुंचा लड़का देखने, रात में कर गया चोरी का बड़ा कांड
इटावा, 2 मई 2025।
हर माता-पिता चाहते हैं कि उनकी औलाद के लिए अच्छा जीवनसाथी मिले और उसका भविष्य सुखद बने। इसी मकसद से वर-वधु की तलाश होती है। लेकिन जनपद इटावा में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को चौंका दिया। यहां एक व्यक्ति बेटी की शादी के बहाने लड़का देखने पहुंचा और मौका मिलते ही बड़ी चोरी को अंजाम दे डाला।
मामला सैफई थाना क्षेत्र के ग्राम काशीपुर का है। सुखबीर पुत्र सतीश चंद्र ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति उनकी बेटी के लिए रिश्ता देखने के बहाने उनके छोटे भाई को पसंद करने आया था। घर में उसकी खूब खातिरदारी हुई और वह 29 अप्रैल की रात को वहीं रुक गया। लेकिन रात में उसने घर की रेकी की और फिर मोटरसाइकिल, मोबाइल, नकदी समेत सामान चुरा कर फरार हो गया।
सुबह जब परिवार वालों को चोरी का पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सक्रिय हुई पुलिस ने खोजबीन शुरू की और चेकिंग के दौरान उसरई पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवार को रोका। पुलिस के अनुसार आरोपी ने भागने की कोशिश की लेकिन आवश्यक बल प्रयोग कर उसे दबोच लिया गया।
आरोपी की पहचान रामबाबू पुत्र जंगली प्रसाद उर्फ मंगली प्रसाद (उम्र 50 वर्ष), निवासी थाना झींझक, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह बेटी की शादी का बहाना बनाकर लड़का देखने के बहाने घरों में जाता था और मौका मिलते ही चोरी करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी बरामद की है। सैफई पुलिस क्षेत्राधिकारी राम दबन मौर्या ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 (A) और धारा 317 (2) के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है।
NGV PRAKASH NEWS

