शिक्षक ने मामा की बेटी से रचाई दूसरी शादी; पहली पत्नी ने पहुंचकर कर दिया..

इटावा, 2 मई 2025 — इटावा जिले में वैवाहिक विवाद का मामला उस वक्त तूल पकड़ गया जब एक शिक्षक की दूसरी शादी का राज़ खुलने पर उसका घर जंग का मैदान बन गया। ताखा ब्लॉक में तैनात शिक्षक अंकुर यादव ने चुपचाप अपने मामा की बेटी से दूसरी शादी कर ली थी। जैसे ही पहली पत्नी को इसकी भनक लगी, वह अपने मायके वालों के साथ ससुराल जा धमकी। फिर क्या था—दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

घटना भरथना कोतवाली क्षेत्र के नगरिया यादवान गांव की है। जानकारी के मुताबिक, अंकुर यादव की पहली पत्नी भी सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। आरोप है कि अंकुर ने बिना बताए दूसरी शादी कर ली। जब पहली पत्नी को इसकी खबर लगी तो उसने अपने भाई मुकुल यादव और परिवार वालों के साथ ससुराल पहुंचकर विरोध जताया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों परिवारों में मारपीट शुरू हो गई।

मुकुल यादव ने बताया कि उनकी बहन की शादी के कुछ ही महीने बाद से विवाद चल रहा था। अंकुर लगातार मकान बनाने के लिए पैसों की डिमांड करता था। जब उसकी बात नहीं मानी गई तो उसने चुपके से दूसरी शादी कर ली। मुकुल ने यह भी आरोप लगाया कि बहन के विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया।

मामले की सूचना पाकर भरथना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए भरथना सीएचसी और फिर जिला अस्पताल इटावा भेजा गया। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *