राम जन्मभूमि परिसर में घूम रही संदिग्ध महिला ली गई हिरासत में..


अयोध्या: राम जन्मभूमि परिसर में संदिग्ध महिला हिरासत में, चश्मे में कैमरा लगाकर प्रवेश करते युवक को भी पकड़ा

अयोध्या, 3 मई 2025।
राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा में तैनात जवानों ने शुक्रवार को एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। महिला की पहचान महाराष्ट्र निवासी इरिम के रूप में हुई है। पूछताछ के लिए उसे पुलिस को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां महिला के नाम, पते और पहचान की पुष्टि में जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार, इरिम शुक्रवार दोपहर को अन्य श्रद्धालुओं के साथ राम जन्मभूमि परिसर में दर्शन करने गई थी। दर्शन के बाद लौटते समय निकासी मार्ग पर तैनात जवानों ने उसके हावभाव को संदिग्ध पाया और रोककर पूछताछ की। सिर और चेहरे को नीले कपड़े से ढके होने के कारण भी संदेह और गहरा गया। पूछताछ के दौरान महिला सुरक्षाकर्मियों से उलझने लगी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। अधिकारियों को सूचना देकर महिला को राम जन्मभूमि थाने भेजा गया, जहां उससे कई दौर की पूछताछ की गई।

सूत्रों के अनुसार, महिला पूछताछ में उलझे-उलझे जवाब दे रही है। हालांकि, राम जन्मभूमि थाना प्रभारी अभिमन्यु शुक्ला ने ऐसी किसी गिरफ्तारी से इनकार किया और कहा कि थाने पर कोई महिला नहीं लाई गई थी; हो सकता है कि परिसर में ही पूछताछ की गई हो। क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने बताया कि महिला के नाम और पते का सत्यापन कराया जा रहा है और अब तक कोई आपत्तिजनक बात सामने नहीं आई है।

चश्मे में कैमरा लगाकर परिसर में घुसने की कोशिश

इस बीच राम जन्मभूमि परिसर में एक युवक को चश्मे में कैमरा लगाकर प्रवेश करते हुए सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ा। क्षेत्राधिकारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि युवक से थाना राम जन्मभूमि में पूछताछ की जा रही है और उसका भी सत्यापन कराया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *