
राजस्थान में रिश्तों में उलझी प्रेम कहानी, देवर संग लिव-इन में पहुंची पत्नी, जान से मारने की धमकियां
राजस्थान के चूरू जिले से रिश्तों में उलझी एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है, जो कई मोड़ों से गुजरकर अब खतरनाक अंजाम तक पहुंच गई है। इस कहानी में जीजा-साली, देवर-भाभी, पति-पत्नी और सास जैसे सभी रिश्ते शामिल हैं। मामला इतना उलझा हुआ है कि इसे सुनकर किसी का भी सिर चकरा सकता है।
यह मामला चूरू जिले के दूधवा मीठा गांव का है, जहां 23 साल की संतोष धानक अपने देवर सोनू धानक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी है। संतोष का आरोप है कि जब वह केवल 11 साल की थी, तब उसके परिवार ने उसकी शादी उससे दुगुनी उम्र के जीजा के साथ कर दी थी। उसका कहना है कि उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। पिछले तीन साल से उसकी अपने देवर सोनू से बातचीत हो रही थी और दोनों में नजदीकियां बढ़ गई थीं।
संतोष ने बताया कि तीन महीने पहले उनकी सास को इस रिश्ते की भनक लग गई थी। इसके बाद पति और सास ने उसके साथ मारपीट की और कई पाबंदियां लगा दीं। परेशान होकर संतोष ने 13 फरवरी को देवर के साथ घर छोड़ दिया। दोनों करीब ढाई महीने तक अलग-अलग जगहों पर रहे और कुछ समय गुड़गांव में भी ठहरे।
अब संतोष और सोनू दोनों को पीहर और ससुराल पक्ष से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस वजह से उन्होंने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि उन्हें अपनी जान का खतरा है और पुलिस सुरक्षा दी जानी चाहिए।
संतोष ने बताया कि साल 2013 में उसकी बड़ी बहन की डिलीवरी के दौरान मौत हो गई थी। बहन के पीछे ढाई साल का बेटा रह गया था। परिवार ने बहन की मौत के आठ महीने बाद ही उसकी शादी सांखू फोर्ट गांव निवासी जीजा से करवा दी थी ताकि बच्चे की देखभाल हो सके। लेकिन शादी के बाद न तो पति ने उसे पत्नी का दर्जा दिया और न ही परिवार ने उसे सम्मान दिया। सोनू धानक पेशे से दिहाड़ी मजदूर है और अब दोनों साथ रहना चाहते हैं।
फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस सुरक्षा की मांग को लेकर दोनों ने एसपी दफ्तर का रुख किया है।
(NGV PRAKASH NEWS)

