शर्मनाक : बेहोशी की हालत में जेठ ने किया दुष्कर्म तो पति ने बनाया वीडियो..


शर्मनाक! बेहोशी की हालत में जेठ ने किया दुष्कर्म, पति ने बनाया वीडियो; महिला ने दर्ज कराया मुकदमा

लखनऊ, 4 मई 2025।

यूपी की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। मोहनलालगंज क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और जेठ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने बताया कि उसके पति ने ही उसे बेहोश कर अपने बड़े भाई से दुष्कर्म करवाया और इस घिनौनी करतूत का वीडियो भी बनाया। इतना ही नहीं, यह वीडियो महिला के रिश्तेदारों को भेजा गया जिससे पीड़िता को पूरे मामले का पता चला।

मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली पीड़िता की शादी मार्च 2022 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में बाइक की मांग की जा रही थी। महिला ने बताया कि जब वह यह मांग पूरी नहीं कर सकी तो पति ने अक्सर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक सितंबर 2024 में पति ने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। महिला के बेहोश होने के बाद जेठ ने उसके साथ दुष्कर्म किया और पति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया। यह वीडियो बाद में महिला की चाची को भेज दिया गया। चाची से वीडियो देखकर ही महिला को पति और जेठ की घिनौनी साजिश का पता चला।

महिला का आरोप है कि जब उसने पति का विरोध किया तो पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस में मामला दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।

मोहनलालगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पति और जेठ के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना समाज में रिश्तों की पवित्रता पर सवाल उठाती है और एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर इंसानियत किस दिशा में जा रही है।

(NGV PRAKASH NEWS)


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *