आरटीआई ने काटा चालान : गुस्साए चालक ने चढ़ा दिया ट्रेलर..


ड्यूटी पर तैनात आरटीओ इंस्पेक्टर को ट्रेलर ने कुचला, चालान काटने से नाराज था चालक

कोटा, 4 मई 2025।

यह कितनी विडंबना है कि एक ओर सरकार सड़क सुरक्षा के नियमों को सख्ती से लागू करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर नियम तोड़ने वालों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि वे कानून के रक्षक को ही मौत के घाट उतार रहे हैं। कोटा ग्रामीण के मंडाना थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां चालान काटने से नाराज ट्रेलर चालक ने आरटीओ इंस्पेक्टर को कुचलकर मार डाला।

जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार दोपहर कोटा-झालावाड़ हाईवे नंबर 52 पर गोपालपुरा गांव के पास हुई। आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश कुमार अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर वहां पहुंचा, जिसने पहले चालान कटवाया और फिर गुस्से में आकर इंस्पेक्टर को कुचल डाला। इस दर्दनाक हादसे में इंस्पेक्टर नरेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बोलेरो चालक देवेंद्र घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही मंडाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने नरेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी और कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

इंस्पेक्टर नरेश कुमार की मौत के बाद परिवहन विभाग में आक्रोश की लहर दौड़ गई। अधिकारी और कर्मचारी भारी आक्रोश में हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। देर रात आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कानून की रक्षा करने वालों की सुरक्षा कब सुनिश्चित होगी? परिवहन विभाग के कर्मचारी जहां रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करते हैं, वहीं इस तरह की घटनाएं उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती हैं।

(NGV PRAKASH NEWS)


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *