
अधेड़ महिला को हुआ 20 साल के युवक से प्यार, घरवालों ने किया विरोध तो प्रेमी संग भाग निकली
शाहजहांपुर, 5 मई 2025।
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां जलालाबाद तहसील क्षेत्र के एक गांव में अधेड़ उम्र की महिला अपने से काफी छोटे, 20 साल के युवक के प्यार में पड़ गई। खास बात यह है कि महिला के 9 बच्चे और दो पोता-पोती हैं। मामला तब सामने आया जब महिला की बहू ने उसे युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया।
जब परिवार वालों ने इस रिश्ते का विरोध किया तो महिला ने अपने प्रेमी के साथ भाग जाने का फैसला कर लिया। अब महिला ने अपने पति और बच्चों के पास लौटने से साफ इनकार कर दिया है और अपने प्रेमी के साथ ही जीवन बिताने की जिद पर अड़ी हुई है।
बताया जा रहा है कि युवक की उम्र महिला के बड़े बेटे से भी कम है। युवक मेहंदी लगाने का काम करता है और उसकी शादी 6 मई को तय थी। लेकिन शादी से पहले ही इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। युवक और उसके परिवार वाले महिला के इस कदम से काफी परेशान हैं। वहीं, महिला विरोध करने वालों को आत्महत्या की धमकी भी दे रही है।
जानकारी के मुताबिक युवक महिला के गांव में मेहंदी लगाने के सिलसिले में आता-जाता था, तभी दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। करीब एक हफ्ते पहले महिला अपने प्रेमी के घर पहुंच गई थी, जिसके बाद मामला पुलिस तक जा पहुंचा। पुलिस ने समझाइश देकर महिला को वापस बुलाया, लेकिन वह दोबारा प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी हुई है। महिला के दो बेटों और एक बेटी की शादी हो चुकी है, और एक बेटे के भी दो बच्चे हैं।
यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
(NGV PRAKASH NEWS)

