1 महीने के लिए अपनी बीवी को मेरे पास गिरवी रख दो ब्याज माफ कर दूंगा..


ब्याज की रकम के बदले महिला को गिरवी रखने की शर्त पर पति ने कर दी ई-रिक्शा चालक की हत्या, दंपती गिरफ्तार

अमरोहा.

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ब्याज की रकम के बदले महिला को गिरवी रखने की बात पर एक व्यक्ति ने ई-रिक्शा चालक हनीफ उर्फ इलायची (70) की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोप में आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, हसनपुर के मोहल्ला हिरवाला होलीवाला निवासी हनीफ उर्फ इलायची अकेला रहता था। उसने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। हनीफ ई-रिक्शा चलाने के साथ-साथ ब्याज पर रुपये उधार देता था।

शुक्रवार सुबह हनीफ का शव उसके ही कमरे में बेड के बॉक्स से बरामद हुआ। शव के हाथ-पांव कपड़ों से बंधे हुए थे और घर बाहर से बंद था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने हसनपुर निवासी शमशेर खां और उसकी पत्नी शाजमा को गिरफ्तार किया।

एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि पूछताछ में शमशेर खां ने कबूल किया कि करीब चार महीने पहले उन्होंने हनीफ से 20 हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे और अपनी बाइक गिरवी रखी थी। कुछ समय बाद और पांच हजार रुपये लिए और सामान भी गिरवी रखा। जरूरी काम के लिए शमशेर और उसकी पत्नी बाइक और सामान वापस लेने हनीफ के घर गए। वहां हनीफ ने ब्याज के पैसे माफ करने के बदले शमशेर से उसकी पत्नी को एक माह के लिए गिरवी रखने की मांग कर दी। यह सुनकर शमशेर का गुस्सा भड़क गया और उसने हनीफ की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दंपती गिरवी रखी बाइक और अन्य सामान लेकर फरार हो गया।

इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया है। आरोपी दंपती को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *