
कहर बनी आसमानी बिजली: एक ही दिन में 14 लोगों की मौत, कई घायल
भुवनेश्वर। ओडिशा में शुक्रवार को आसमान से गिरी बिजली ने भारी तबाही मचाई। राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में एक ही दिन में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सबसे ज्यादा त्रासदी कोरापुट, नवरंगपुर, गंजाम, कटक और जाजपुर जिलों में देखने को मिली, जहां किसान, महिलाएं, मजदूर और बच्चे इसकी चपेट में आ गए।
कोरापुट में एक ही परिवार के तीन सदस्य मरे
कोरापुट जिले के लक्ष्मीपुर ब्लॉक के ओडियापेंठ पंचायत के परदीगुडा गांव में खेत में काम कर रहे लोग अचानक आई आंधी और बारिश से बचने के लिए एक झोपड़ी में शरण ले रहे थे, तभी वहां बिजली गिर गई। हादसे में बुद्री माडिंगा (60), उनकी पोती कासा माडिंगा (16) और अंबिका काशी (35) की मौके पर ही मौत हो गई। बुद्री के पति हिंगु माडिंगा समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
राज्यभर में बिजली ने ली मासूमों की जान
- सिमिलीगुड़ा ब्लॉक के खालपड़ी गांव में दास जानी (32) की मौत हो गई।
- नवरंगपुर जिले के बेनोरा गांव में एक नाबालिग की जान गई, जबकि उसका दादा गंभीर रूप से घायल है।
- शंकरदा गांव में चैतराम मांझी (35) और उनके भतीजे ललित माझी (15) मक्का सुखाते समय बिजली की चपेट में आकर मारे गए।
ढेंकानाल, गंजाम और कटक में भी बिजली ने ढाया कहर
- ढेंकानाल जिले के कुसुमुंडिया गांव में सुरुषि बिस्वाल (40) की मौत हुई।
- गंजाम के केबिरी बरहमपुर गांव में रीता गौड़ (30) की मौत हुई, जबकि एक अन्य महिला झुलसी।
- कटक जिले में आदित्य कुमार साहू (24) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
खेलते और सब्जी बेचते समय मौत आई
- कविसूर्यनगर के ओम प्रकाश प्रधान (13) खेल के मैदान में क्रिकेट खेलते समय बिजली की चपेट में आ गया।
- सियालीलटी पंचायत की दमयंती मंडल (35) सड़क किनारे सब्जी बेच रही थीं, तभी उन पर बिजली गिर गई।
जाजपुर में दो बच्चों की मौत, बालेश्वर में मजदूर की जान गई
जाजपुर के कटाबंध इलाके में तारा हेम्ब्रम (9) और जाखुम चातार (12) घर के बाहर खेल रहे थे, जब बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। बालेश्वर के अउपड़ा ब्लॉक में चुनाराम किस्कू (31) की मौत हो गई, जो मजदूरी करता था और मयूरभंज का निवासी था।
राज्य प्रशासन ने सभी घटनाओं की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवारों को सहायता राशि देने की तैयारी चल रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ओडिशा के कई हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। नागरिकों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।
NGV PRAKASH NEWS

