विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर दिखाई कड़ी नाराजगी : तेजी लाने के लिए सख्त निर्देश

Gyan Prakash Dubey

विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने जताई कड़ी नाराजगी, योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश

बस्ती, 22 मई 2025
मंडलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों की मासिक मंडलीय समीक्षा बैठक आयुक्त सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान उन्होंने मंडल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करें, जिससे प्रदेश में मंडल की रैंक बेहतर हो सके।

मंडलायुक्त ने शासन की समस्त योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर देते हुए पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

गौशालाओं और गेहूं खरीद की समीक्षा
गौशालाओं की समीक्षा के दौरान पशु चिकित्साधिकारियों को चारा, भूसा और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, गेहूं खरीद में आरएफसी को लक्ष्य के अनुरूप क्रय कार्य सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई।

बाढ़ से पूर्व तैयारियों के निर्देश
आगामी बाढ़ सीजन को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

कई योजनाओं में खराब प्रगति पर नाराजगी
बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), सहकारी दुग्ध समिति, जल जीवन मिशन, ग्राम पंचायतों के पांचवें वित्त आयोग के कार्य, निपुण परीक्षा, मध्यान्ह भोजन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान, सेतुओं और सड़कों का निर्माण व अनुरक्षण तथा फार्मर रजिस्ट्री योजना की प्रगति खराब पाए जाने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें, अन्यथा विभागीय कार्यवाही की संस्तुति की जाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर चर्चा
एचबीएनसी कार्यक्रम की समीक्षा में नवजात शिशुओं के गृह भ्रमण की दर बस्ती में 66%, संतकबीर नगर में 91% और सिद्धार्थनगर में 78% पाई गई, जो मानक से कम है। यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार, मंडल में 85% आशाओं ने भ्रमण किया है।
एसएनसीयू में कम्युनिटी रेफरल की दर बस्ती मेडिकल कॉलेज में मात्र 41.3% है, जिसे बढ़ाने की जरूरत बताई गई।
मंत्र पोर्टल पर डिलीवरी के बाद की एंट्री में बस्ती में 96%, संतकबीर नगर में 87% और सिद्धार्थनगर में 84% की प्रविष्टि दर्ज की गई है, जिसमें और सुधार की आवश्यकता जताई गई।

यूनिसेफ प्रतिनिधि की प्रस्तुति
यूनिसेफ के डिविजनल हेल्थ कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र शुक्ल ने बताया कि प्रसव दर में सुधार के लिए सिद्धार्थनगर में 20 नए प्रसव केंद्रों की स्थापना प्रस्तावित है। इसके अलावा टीकाकरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मंडल में 5 नए कोल्ड चेन प्वाइंट्स स्थापित किए जाएंगे, जिनमें बस्ती में 1 और सिद्धार्थनगर में 4 होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों की मृत्यु रिपोर्टिंग दर बस्ती में मात्र 8.3% है, जिसे बढ़ाने की आवश्यकता है।

उपस्थित अधिकारी
बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त बलराम कुमार ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती रवीश गुप्ता, संतकबीर नगर के डीएम आलोक कुमार, सिद्धार्थनगर के डीएम राजा गड़पति आर., सीडीओ सार्थक अग्रवाल, डीडीओ जी.पी. कुशवाहा, डीएसटीओ ए.के. श्रीवास्तव, उपनिदेशक अर्थ एवं संख्या अमजद अली अंसारी, तीनों जनपदों के सीएमओ, उप निदेशक पंचायत समरजीत यादव, संयुक्त निदेशक कृषि अविनाश चंद्र तिवारी, अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डा. रामानंद, उप श्रमायुक्त बी.एम. शर्मा, सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा संजय कुमार शुक्ल, अधीक्षण अभियंता जल निगम जनार्दन सिंह सहित मंडल के विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *