एक हाथ में कटा सिर और एक हाथ में हथियार : देख लोगों के छूट गए पसीने

कोलकाता, 31 मई 2025, NGV PRAKASH NEWS

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिले के बासंती थाना क्षेत्र के भरतगढ़ इलाके में आज सुबह मामूली विवाद के चलते एक युवक ने अपनी भाभी की हत्या कर दी और उसका सिर काटकर सड़क पर खुलेआम घूमता रहा. मृतक महिला की पहचान सती मंडल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी देवर का नाम विमल मंडल बताया गया है. पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह घटना आज सुबह उस वक्त हुई जब किसी पारिवारिक विवाद के चलते विमल मंडल ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से अपनी भाभी की हत्या कर दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद पेड़ से आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ था. इसके बाद विमल मंडल ने गुस्से में अपनी भाभी सती मंडल का सिर काट दिया और फिर कटा हुआ सिर और हथियार हाथ में लेकर सड़क पर निकल पड़ा.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी इस भयावह हालात में भी बिल्कुल सामान्य भाव से सड़क पर घूम रहा था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने आरोपी विमल मंडल को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ शुरू कर दी है.

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भाभी का कटा हुआ सिर और हथियार लेकर खुद ही थाने जा रहा था. पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी पारिवारिक रंजिश भी हो सकती है. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

यह घटना न केवल एक परिवार को तबाह कर गई, बल्कि पूरे इलाके को भी सदमे में डाल दिया है. छोटे-छोटे पारिवारिक विवाद अगर समय रहते सुलझाए न जाएं, तो उनका अंजाम कितना भयावह हो सकता है, इस वारदात ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है.

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *