
सिद्धू पाजी की धमाकेदार वापसी, “द ग्रेट इंडियन कपिल शो” सीजन 3 में तीन गुना हंसी की गारंटी
नई दिल्ली |
एक बार फिर हंसी के ठहाकों की गूंज गूंजेगी, लेकिन इस बार मजा दोगुना नहीं, तीन गुना होगा! क्योंकि “द ग्रेट इंडियन कपिल शो” के तीसरे सीजन में नवजोत सिंह सिद्धू की वापसी हो गई है। जी हां, वही सिद्धू पाजी, जिनकी शायरी और ठहाकों से शो की जान हुआ करती थी, अब एक बार फिर मंच संभालते नजर आएंगे। और हां, कोई रिप्लेसमेंट नहीं हुआ—अर्चना पूरन सिंह भी शो में बनी रहेंगी। यानी फैंस को अब दोनों के बीच की मस्ती और हँसी की डबल डोज मिलेगी।
“मुस्कान की कोई कीमत नहीं, पर इसकी अहमियत करोड़ों की” – सिद्धू
शो में अपनी वापसी पर नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, “यह ऐसा है जैसे मैं फिर से अपने घर लौट आया हूं।” उन्होंने फैंस के प्यार को इसका सबसे बड़ा कारण बताया। अपनी शायरी के अंदाज में उन्होंने कहा –
> “गुरु, हमने मिलकर यह आशियाना सजाया है,
गुजरा जमाना फिर से लौटकर आया है,
मैं यूं ही नहीं पहुंचा हूं यहां पर दोबारा,
मुझे खींचकर जनता का प्यार लाया है।”
उनकी ये पंक्तियाँ बताती हैं कि यह सिर्फ वापसी नहीं, बल्कि एक इमोशनल कमबैक है।
👉कपिल का वादा, “हर फनीवार बढ़ेगा परिवार”…
कपिल शर्मा ने सिद्धू पाजी के लौटने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “हमने वादा किया था कि हर फनीवार हमारा परिवार बढ़ेगा, और सिद्धू पाजी की वापसी उसी वादे का एक खास हिस्सा है। अर्चना जी भी हैं, हम सब मिलकर मजेदार बातें, शायरी और मस्ती करेंगे।”
शो में सुनील ग्रोवर, कीकू शारदा और कृष्णा अभिषेक जैसे चहेते कलाकार भी होंगे, यानी मनोरंजन का पंच अब और जोरदार होगा।
👉क्या सिद्धू ने किया अर्चना को रिप्लेस?..
इस पर संशय था, लेकिन अब साफ है—नहीं। अर्चना पूरन सिंह की जगह किसी ने नहीं ली है। बल्कि अब दोनों की कैमिस्ट्री देखने को मिलेगी। एक तरफ सिद्धू की शायरी, दूसरी तरफ अर्चना का ठहाका—और बीच में कपिल शर्मा की कॉमिक टाइमिंग!
👉21 जून से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा शो…
तो तैयार हो जाइए 21 जून से, जब “द ग्रेट इंडियन कपिल शो” सीजन 3 नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। और जैसा कि कपिल और टीम का वादा है—जोक्स और हंसी दोनों 3 गुना बढ़ गए हैं।
NGV PRAKASH NEWS

