
पति ने प्रेमी संग पत्नी की करवा दी शादी, मंदिर में रचाया ब्याह; मामला इलाके में चर्चा का विषय
गोंडा, 21 जून 2025 | NGV PRAKASH NEWS
गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतपुर ग्रांट गांव में एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ मंदिर में करा दी। ग्रामीणों और पुजारी की मौजूदगी में पहले पति ने अपनी पत्नी की मांग का सिंदूर पानी से धुलवाया और फिर प्रेमी से दोबारा उसकी मांग भरवाई। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर विवाह की रस्म पूरी की। इस घटना को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ मंदिर में जुट गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हरिश्चंद्र की पत्नी करिश्मा का प्रेम प्रसंग पिछले कई महीनों से पड़ोसी गांव के युवक शिवराज चौहान से चल रहा था। बताया जा रहा है कि हरिश्चंद्र को इस संबंध की भनक पहले ही लग गई थी। बीते दिन जब हरिश्चंद्र ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया तो गांव में पंचायत बैठाई गई। पंचायत में काफी विचार-विमर्श के बाद हरिश्चंद्र ने फैसला लिया कि वह अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ सौंप देगा।
पंचायत के निर्णय के अनुसार, मंदिर में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। पहले हरिश्चंद्र ने अपनी पत्नी करिश्मा की मांग का सिंदूर पानी से धुलवाया और फिर प्रेमी शिवराज ने करिश्मा की मांग में सिंदूर भरा। इस दौरान करिश्मा और शिवराज ने एक-दूसरे को माला पहनाकर विवाह बंधन में बंधने की रस्म पूरी की।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर करिश्मा का कहना है कि यह शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हो रही है। करिश्मा ने कहा, “यह सब जबरदस्ती हो रहा है। पति से झगड़े की वजह से ये सब किया जा रहा है। मेरा शिवराज से कोई संबंध नहीं है।”
वहीं हरिश्चंद्र का आरोप है कि करिश्मा का शिवराज से संबंध था। उन्होंने कहा, “मेरी पत्नी इसके साथ रह रही थी। मुझे जहर देने की कोशिश की। मेरे बेटे को नींद की गोली देकर दोनों घर से गायब हो जाते थे। मेरी तबीयत खराब होने के कारण मैं कुछ कर नहीं पाता था। मैंने स्वेच्छा से पत्नी को त्यागा है। बस मुझे मेरे दोनों बच्चे दे दिए जाएं।”
बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले भी थाने पर शिकायत दी जा चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS

