
बस्ती, 21 जून 2025
NGV PRAKASH NEWS
मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने बस्ती में की पत्रकार वार्ता, जल्यजीवों की सुरक्षा और योग के महत्व पर दिया संदेश
उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद सिद्धार्थनगर और गोंडा के भ्रमण के पश्चात बस्ती होते हुए महाराजगंज की ओर प्रस्थान कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जनपद बस्ती स्थित एक निजी होटल में पत्रकारों से वार्ता की।
बुद्ध की धरती से योग का संदेश
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि सिद्धार्थनगर और बस्ती मंडल भगवान बुद्ध की तपोभूमि है। उन्होंने कहा कि यही वह पावन धरती है जहां से योग का वास्तविक संदेश पूरी दुनिया में प्रसारित हुआ। मंत्री जी ने कहा, “भगवान बुद्ध का जीवन ध्यान, अनुशासन और आत्म-संयम का प्रतीक है, और यही योग का मूल तत्व है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित, सकारात्मक और स्वस्थ बनाने की भारतीय जीवन पद्धति है।” उन्होंने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरोहर को अपनाते हुए योग को अपने जीवन में शामिल करें और इसे वैश्विक मंच तक पहुँचाने में योगदान दें।
कुआनो नदी में जल्यजीवों की मौत पर सख्त रुख
पत्रकारों द्वारा बस्ती जनपद की कुआनो नदी में मछलियों एवं अन्य जल्यजीवों की मौत पर सवाल पूछे जाने पर मंत्री जी ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जल्यजीवों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डॉ. निषाद ने मत्स्य विभाग एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी फैक्ट्री या इकाई द्वारा बिना जल शोधन दूषित जल नदी में छोड़ा जा रहा है तो तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने आदेश दिया कि मत्स्य विभाग और पर्यावरण विभाग की संयुक्त टीम गठित कर दोषियों को चिन्हित कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।
डॉ. निषाद ने यह भी कहा कि सरकार जलस्रोतों की शुद्धता और जैव विविधता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
NGV PRAKASH NEWS

