
बरेली, 21 जून 2025
NGV PRAKASH NEWS
जींस-टॉप पहने 9 युवतियां सड़क पर मांग रहीं थीं भीख, पुलिस की कार्रवाई से खुली चौंकाने वाली कहानी
उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में आंवला-बदायूं रोड पर शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों ने देखा कि नौ युवतियां जींस-टॉप पहनकर सड़क पर घूम रही हैं और राहगीरों को रोक-रोककर मदद की गुहार लगा रही हैं। युवतियां खुद को परेशानहाल बताते हुए लोगों से 100-200 रुपये की आर्थिक मदद मांग रही थीं। कई लोगों ने सहानुभूति में पैसे दे भी दिए, लेकिन कुछ को यह सब देख शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सक्रिय हुई आंवला कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी युवतियों को हिरासत में लिया और थाने ले आई। पूछताछ में सामने आया कि ये सभी युवतियां गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली हैं। लेकिन वे बरेली कैसे पहुंचीं और यहां इस तरह भीख क्यों मांग रही थीं, इसका कोई ठोस जवाब नहीं दे सकीं।
कुंवर बहादुर सिंह (कोतवाल, आंवला) ने बताया कि पूछताछ में युवतियों ने आर्थिक तंगी का हवाला दिया। मगर उनका इस तरह राहगीरों से पैसे मांगना और शांति व्यवस्था में बाधा डालना कानून के खिलाफ है। इसलिए सभी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई। पुलिस ने इनका चालान करते हुए एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को दो-दो लाख रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
युवतियों की पहचान इस प्रकार हुई:
✅ उर्मी (28 वर्ष)
✅ नीतू (25 वर्ष)
✅ कुसुम (25 वर्ष)
✅ अंजलि (21 वर्ष)
✅ सुनीता (26 वर्ष)
✅ रीना (20 वर्ष)
✅ मनीषा (20 वर्ष)
✅ पूनम (25 वर्ष)
✅ टीना (26 वर्ष)
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यह मामला किसी बड़े गिरोह से जुड़ा हो सकता है, जो विभिन्न शहरों में इसी तरह की गतिविधियां करता है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अगर कोई इनकी मदद न करे, तो ये लड़कियां झूठे आरोप लगाकर फंसा सकती हैं।
पुलिस अब इनके पुराने रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है और यह जांच कर रही है कि कहीं इनके साथ और लोग भी इलाके में सक्रिय तो नहीं हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और बिना जांच-परख के किसी को पैसे न दें। किसी भी संदेहजनक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर की शांति व्यवस्था को खतरे से बचाया जा सके।
NGV PRAKASH NEWS

