

SBI सर्विस मैनेजर का घिनौना चेहरा उजागर: महिला कर्मी के साथ की गंदी हरकत, वीडियो वायरल
ऊना (हिमाचल प्रदेश) | 05 जुलाई 2025 | NGV PRAKASH NEWS
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद शर्मनाक और स्तब्ध कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एक सर्विस मैनेजर का महिला कर्मचारी के साथ की गई अशोभनीय हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह वीडियो खुद पीड़िता ने रिकॉर्ड किया है, जो अब पूरे देश में महिलाओं के वर्कप्लेस पर होने वाले उत्पीड़न की भयावह सच्चाई को उजागर कर रहा है।
वीडियो में दिखा महिला का साहस, उजागर हुआ मैनेजर का असली चेहरा
वायरल वीडियो की शुरुआत महिला के इन शब्दों से होती है— “नहीं सर”, जो संकेत है कि महिला ने पहले ही प्रतिरोध किया था। इसके बावजूद, वीडियो में दिखता है कि बैंक का सर्विस मैनेजर काम करते हुए महिला को आपत्तिजनक ढंग से छूने की कोशिश करता है। महिला स्पष्ट रूप से असहज महसूस करती है लेकिन संयम रखते हुए काम की बात करती है।
लगभग 40 सेकंड बाद महिला बाहर निकलती है और चलते हुए मोबाइल कैमरे से खुद बयान देती है—
“देख लिया आपने, ये कैसे हाथ लगाता है, इसे बिल्कुल भी अक्ल नहीं है… मतलब मैं इसके पास बैठ भी नहीं सकती।”
वीडियो लगभग 56 सेकंड का है, लेकिन यह छोटे से समय में एक बड़े सामाजिक मुद्दे को सामने रखता है।
शिकायत दर्ज, समाज में गुस्सा
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कर दी है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर जनता का आक्रोश फूट पड़ा है। लोग SBI प्रबंधन से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। नेटिज़न्स का कहना है कि ऐसे लोगों को बैंकिंग जैसे जिम्मेदार सेक्टर में जगह मिलना, पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
न पद की मर्यादा, न उम्र का लिहाज़
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि महिलाएं आज भी अपने कार्यस्थल पर सुरक्षित नहीं हैं। चाहे कितनी ही बड़ी संस्था क्यों न हो, यदि मानसिकता सड़ी हुई हो, तो वहां कार्य करना किसी चुनौती से कम नहीं।
सवाल यह नहीं कि आरोपी कौन था, सवाल यह है कि एक पढ़े-लिखे पदाधिकारी की सोच इतनी गिरी हुई कैसे हो सकती है?
NGV PRAKASH NEWS
