मोहर्रम का त्यौहार सकुशल संपन्न -प्रशासन रहा चौकन्ना

मोहर्रम पर प्रशासन की चौकसी: बस्ती में जुलूस और कर्बला स्थलों का हुआ निरीक्षण, शांति और सौहार्द के बीच निकला त्योहार

बस्ती | 07 जुलाई 2025
मोहर्रम का पवित्र पर्व जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रविवार 6 जुलाई को मोहर्रम के अवसर पर बस्ती प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में मोहर्रम जुलूस और कर्बला स्थलों का निरीक्षण किया और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर और अस्पताल चौराहा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और मौके पर मौजूद पुलिस बल को सतर्कता से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था भंग न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र में भी पैदल मार्च किया। उनके साथ अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी और प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी जयंत यादव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चौकी दक्षिण दरवाजा और आस-पास के क्षेत्रों में मोहर्रम जुलूस व कर्बला स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों को परखा।

थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती और उनकी टीम के साथ की गई इस गश्त के दौरान पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि त्योहार के दौरान संवेदनशीलता बनाए रखें, अफवाहों पर नजर रखें और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई करें।

प्रशासन की चुस्त निगरानी और जनता के सहयोग से बस्ती जिले में मोहर्रम का पर्व पूरी शांति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *