

झांसी में चलती बाइक से निकला कोबरा, युवक के हाथ में लिपटा सांप देख मचा हड़कंप
झांसी | 11 जुलाई 2025
उत्तर प्रदेश के झांसी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चलती बाइक में अचानक एक कोबरा सांप निकल आया और सीधे बाइक चला रहे युवक के हाथ में लिपट गया। यह हैरान करने वाली घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के पंचकुईयां चौराहे के पास हुई। गनीमत रही कि किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई और सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सांप देखकर युवक ने दिखाई बहादुरी
जानकारी के मुताबिक, मानिक चौक निवासी मोहम्मद शाकिर बाइक से आंतिया तालाब से अपने घर लौट रहे थे। पंचकुईयां मंदिर के पास अचानक उनकी बाइक के हैंडल से एक कोबरा सांप निकलकर उनके हाथ में लिपट गया। यह देखकर शाकिर घबरा गए, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक को सावधानी से रोका और कूदकर अपनी जान बचाई।
बाइक के पिछले हिस्से में छिपा सांप
शाकिर के बाइक से कूदते ही कोबरा पीछे की ओर जाकर छिप गया। इसके बाद शाकिर के साथी और आसपास मौजूद लोगों ने मोबाइल की रोशनी की मदद से सांप को खोजा और सावधानीपूर्वक उसे बाइक से बाहर निकाला गया। सांप को किसी तरह की चोट न आए, इसका विशेष ध्यान रखा गया और बाद में उसे सुरक्षित मौके से जाने दिया गया।
भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा माहौल
घटना सावन के पवित्र महीने में हुई, जिस कारण मौके पर मौजूद लोगों ने सांप को ‘भोलेनाथ’ का प्रतीक मानकर “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए। यह पूरा दृश्य स्थानीय लोगों द्वारा मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शाकिर ने बताया घटनाक्रम
शाकिर ने बताया, “मेरी गाड़ी आंतिया तालाब के पास खड़ी थी। मैं दोस्तों के साथ घूमने गया था। वापस लौटते समय पंचकुईयां मंदिर के पास अचानक बाइक से सांप निकलकर मेरे हाथ में लिपट गया। मैं डर गया, लेकिन खुद को संभालते हुए बाइक को रोककर वहां से दूर हो गया। बाद में लोगों ने सांप को सुरक्षित बाहर निकाला।”
यह घटना न केवल एक आश्चर्यजनक अनुभव रही, बल्कि समय रहते सतर्कता दिखाने से बड़ी दुर्घटना टल गई।
: NGV PRAKASH NEWS
