1 लाख का इनामी मुठभेड़ में हुआ ढेर.

NGV PRAKASH NEWS

गोरखपुर के नीट छात्र हत्याकांड का मुख्य आरोपी जुबैर पुलिस मुठभेड़ में ढेर

रामपुर/गोरखपुर, 27 सितंबर 2025 — गोरखपुर के चर्चित नीट छात्र दीपक गुप्ता हत्याकांड में फरार चल रहा कुख्यात गो तस्कर जुबैर उर्फ जुबैर कालिया पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। जुबैर रामपुर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला घेर मर्दान खां का रहने वाला था और पिछले आठ साल से पशु तस्करी के धंधे में सक्रिय था।

दीपक गुप्ता हत्याकांड से जुड़ा था जुबैर

15 सितंबर को गोरखपुर के पिपराइच क्षेत्र में गो तस्करों का गिरोह पशुओं को वाहन में लाद रहा था। ग्रामीणों ने विरोध किया तो आरोपितों ने नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता का अपहरण कर हत्या कर दी और शव को फेंक दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने गो तस्करों की गाड़ी फूंक दी थी और पुलिस पर पथराव भी किया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। मुख्यमंत्री ने तब कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे और एसटीएफ को लगाया गया था।

रामपुर में मुठभेड़

शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि जुबैर रामपुर में छिपा है। पुलिस टीम ने चाकू चौराहा से मंडी समिति जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस को देख जुबैर ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह ढेर हो गया। मुठभेड़ में शहर कोतवाली की पीला तालाब चौकी प्रभारी राहुल जादौन और सिपाही संदीप कुमार भी घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां जुबैर को मृत घोषित किया गया।

लंबा आपराधिक इतिहास

जुबैर पर करीब 18 मुकदमे दर्ज थे। रामपुर, गोरखपुर और बलरामपुर में उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, गोहत्या निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम के कई मामले दर्ज थे।

  • बलरामपुर कांड (2024): पहली सितंबर 2024 को तुलसीपुर थाना क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं की तस्करी के दौरान उसने सिपाही मनीष कुमार पर डंडे से हमला कर घायल कर दिया था। उस वक्त डीआईजी गोंडा ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार का इनाम रखा था।
  • शहजादनगर मुठभेड़ (2025): छह जनवरी 2025 को एसटीएफ ने शहजादनगर थाना पुलिस की मदद से उसे मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, लेकिन जमानत पर छूटकर फिर सक्रिय हो गया।

पुलिस-प्रशासन अलर्ट

मुठभेड़ की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि दीपक गुप्ता हत्याकांड से जुड़े अन्य फरार आरोपितों की भी तलाश जारी है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *