श्रावण मास व अपराध नियंत्रण को लेकर एडीजी जोन गोरखपुर ने की गोष्ठी, कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

Gyan Prakash Dubey

श्रावण मास व अपराध नियंत्रण को लेकर एडीजी जोन ने बस्ती में की महत्वपूर्ण गोष्ठी, कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा
बस्ती, 12 जुलाई 2025 | रिपोर्ट – NGV PRAKASH NEWS

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मुथा अशोक जैन ने बस्ती में सर्किट हाउस सभागार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

एडीजी जोन द्वारा आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से श्रावण मास में लगने वाले मेले, कांवड़ यात्रा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। बैठक के दौरान उन्होंने श्रावण मेले व कांवड़ यात्रा मार्ग पर रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग दर्शन मार्ग, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिया कि मंदिर परिसर और कांवड़ यात्रा मार्ग को जोन व सेक्टर में विभाजित कर सभी आवश्यक बिंदुओं पर मजिस्ट्रेट व ड्यूटी अफसरों की जिम्मेदारी तय की जाए। एडीजी ने यह भी कहा कि सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक के दूसरे चरण में अपर पुलिस महानिदेशक ने जनपद में हो रहे अपराधों की भी गहन समीक्षा की। लूट, झपटमारी, चेन स्नैचिंग, चोरी, वाहन चोरी, हत्या, बलात्कार, अपहरण, तस्करी जैसे अपराधों के मामलों में लंबित अभियोगों के शीघ्र निस्तारण, घटनाओं के जल्द से जल्द अनावरण और ऑपरेशन कनविक्शन के तहत दोषियों को सजा दिलाने पर विशेष बल दिया गया।

उन्होंने थाना प्रभारियों व क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि हर बड़ी घटना के बाद अनिवार्य रूप से मौके का निरीक्षण करें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट जैसी विधिक कार्यवाही को गंभीरता से लिया जाए ताकि अपराधियों में भय का माहौल बन सके।

इस गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमप्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी, क्षेत्राधिकारी रुधौली स्वर्णिमा सिंह, क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी हरैया संजय सिंह सहित सभी महत्वपूर्ण पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

अपराध नियंत्रण और धार्मिक आयोजनों की सफल संचालन के लिए प्रशासन की यह तैयारी आने वाले दिनों में बस्ती जिले में शांति, सुरक्षा और व्यवस्था की दृष्टि से एक मजबूत संदेश के रूप में देखी जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *