G. P. Dubey


बस्ती में दबंगों ने दलित परिवार पर किया हमला, पीड़िता ने डीआईजी और एसपी से लगाई न्याय की गुहार
बस्ती, 12 जुलाई 2025 | रिपोर्ट – NGV PRAKASH NEWS
जनपद बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कटरा बुजुर्ग गांव से दलित उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव की रहने वाली सुनीता देवी पत्नी जमुना प्रसाद ने पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने डीआईजी बस्ती और पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर दबंगों द्वारा खेत में काम कर रहे उनके परिवार पर हमला करने, जातिसूचक गालियां देने, बेटी को पीटने और पति को धारदार हथियार से घायल करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता सुनीता देवी का कहना है कि 11 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे वह अपने खेत में चरी काट रही थीं। उसी दौरान गांव के ही जोखू पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल अपने खेत से पाइप के जरिये प्रार्थिनी के धान के बेहन में पानी की सिंचाई कर रहे थे। जब सुनीता देवी ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उक्त विपक्षियों ने न सिर्फ गाली-गलौज शुरू कर दी, बल्कि जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। विवाद बढ़ने पर उनकी बेटी संध्या को पीटा गया और पति जमुना प्रसाद पर हसिया से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया।
घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर डायल कर पुलिस को दी गई, जिस पर कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। लेकिन सुनीता देवी का आरोप है कि थाने पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई और न ही घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इससे आरोपियों का मनोबल और बढ़ गया।
सुनीता देवी ने बताया कि जब बाद में गांव के प्रधान अल्तमस सिद्दीकी के दरवाजे पर सुलह के लिए लोग इकट्ठा हुए, तब भी दबंगों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि लगातार मिल रही धमकियों और मारपीट की घटनाओं से पूरा परिवार डरा-सहमा है। दबंगों ने उनकी बेटी को उठाकर ले जाने की भी धमकी दी है।
पीड़िता ने डीआईजी और एसपी से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, साथ ही उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
यह मामला एक ओर जहां दलित उत्पीड़न की भयावह स्थिति को उजागर करता है, वहीं स्थानीय पुलिस की लापरवाही भी सवालों के घेरे में है। अब देखना यह होगा कि उच्चाधिकारी पीड़ित परिवार की आवाज को कितनी गंभीरता से लेते हैं और दोषियों के खिलाफ क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
NGV PRAKASH NEWS
