तुम पापा की नहीं हुई तो हम लोगों की क्या होगी खाकर बच्चों ने मुंह मोड़ लिया

पति की हत्या कर प्रेमी संग रचाया साजिश का खूनी खेल, बच्चों ने भी मां से तोड़ा नाता
अलीगढ़, 12 जुलाई 2025 | रिपोर्ट – NGV PRAKASH NEWS

अलीगढ़ जनपद के बरला कस्बे में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्यार में अंधी एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या करा दी। हैरानी की बात यह है कि यह खौफनाक साजिश रचने वाली महिला बीना को न तो अपने पति की मौत का अफसोस है और न ही अपने बच्चों की टूटती भावनाओं की कोई परवाह। पति के कत्ल के बाद महिला के बच्चों ने मां से रिश्ता तोड़ लिया है और यहां तक कह डाला कि वे उसकी फांसी की दुआ करेंगे।

मोहब्बत की हवस में बसी नफरत की पटकथा

बरला कस्बे के मोहल्ला कोठी निवासी सुरेश (32) की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व फिरोजाबाद के रैपुरा गांव की रहने वाली बीना से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे – 10 वर्षीय नीतेश, 8 वर्षीय पुनीत और 6 वर्षीय रोशनी हैं। सुरेश दिल्ली की एक एक्सपोर्ट कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड था और कुछ दिन की छुट्टी पर घर आया हुआ था। बीना का पिछले आठ वर्षों से पड़ोस में किराने की दुकान चलाने वाले मनोज से अवैध संबंध चल रहा था। सुरेश को दो-तीन वर्ष पहले जब शक हुआ, तो उसने पत्नी के मोबाइल में चिप लगाकर सच्चाई का पर्दाफाश किया। उसने कॉल रिकॉर्डिंग, फोटो और वीडियो के जरिए सबूत जुटाए थे।

चबूतरे पर बैठा था सुरेश, गोली मार दी गई

गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बीना ने अपने पति सुरेश को बार-बार झाड़ू-पोंछे के बहाने घर से बाहर निकाला और जैसे ही वह चबूतरे पर बैठा, तभी प्रेमी मनोज ने उसे गोली मार दी। वारदात के बाद मनोज खुद तमंचा लेकर थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण करते हुए हत्या की बात कबूली। उसने पुलिस को बताया कि बीना से उसके प्रेम संबंध हैं और उसी के कहने पर उसने हत्या की। हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बीना ने ही मुहैया कराया था।

थाने में बच्चों ने मां को किया अपमानित

जब पुलिस ने बच्चों को थाने बुलाया तो मां बीना ने कहा, “मैं जेल जा रही हूं, अपना ख्याल रखना और स्कूल जाते रहना।” इस पर बेटे नीतेश ने दो टूक जवाब दिया – “तुम हमें बेटा-बेटी कहने का अधिकार खो चुकी हो। तुमने पापा को मारा है, हम दुआ करेंगे कि तुम्हें और मनोज को फांसी हो। अगर तुम पापा की नहीं हुईं, तो हमारी भी नहीं हो सकतीं।” ये शब्द सुनते ही थाने का माहौल एकदम सन्नाटे में डूब गया। बच्चे पीछे हटकर रोने लगे।

परिवार ने भी तोड़ा नाता, भाई ने आने से किया इनकार

घटना के बाद जब पुलिस ने बीना के मायके में सूचना दी, तो उसके भाई ने आने से साफ इनकार कर दिया। समाज और परिवार से कट चुकी बीना अब पूरी तरह कानून की गिरफ्त में है। आरोपी प्रेमी मनोज का परिवार भी वारदात के बाद गांव से फरार हो गया है।

कोर्ट में पेशी, जेल भेजा गया

शुक्रवार को पुलिस ने बीना और मनोज को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों के चेहरे पर कोई पश्चाताप नहीं था। सीओ बरला गर्वित सिंह ने बताया कि इस मामले में पुख्ता सबूतों के आधार पर बीना और मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आगे की विवेचना जारी है और जो भी नए साक्ष्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अलीगढ़ की यह घटना न केवल एक पारिवारिक त्रासदी है, बल्कि यह भी बताती है कि जब संबंधों की मर्यादा टूटती है, तो प्यार की जगह केवल अंधकार, धोखा और अपराध बचता है।
NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *