Gyan Prakash Dubey






श्रावण सोमवार पर बस्ती पुलिस रही अलर्ट मोड में, एएसपी व सीओ ने किया मंदिरों व थानों का निरीक्षण
बस्ती, 14 जुलाई 2025।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को जिलेभर में शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती ओम प्रकाश सिंह व क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने विभिन्न शिव मंदिरों, थाना क्षेत्रों और ड्यूटी पॉइंट्स का निरीक्षण करते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भदेश्वरनाथ मंदिर पर की गई कड़ी निगरानी
क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने भदेश्वरनाथ मंदिर पर ड्यूटी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर में आने वाली भीड़, बैरियर व्यवस्था, प्रवेश व निकास मार्गों और ड्यूटी पॉइंट्स की स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक व अन्य पुलिस बल उपस्थित रहे।
करड़ मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण
अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने थानाध्यक्ष पुरानी बस्ती महेश सिंह के साथ करड़ मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के मद्देनज़र बैरियर व ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मियों से संवाद कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थानों का आकस्मिक निरीक्षण और साफ-सफाई पर विशेष जोर
एएसपी ओम प्रकाश सिंह ने थाना नगर एवं थाना पुरानी बस्ती का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, मालखाना, मेस, बैरक, महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क, CCTNS कार्यालय तथा परिसर की साफ-सफाई व अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति की समीक्षा की। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण एवं अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर भी संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिले भर में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ श्रावण सोमवार
जनपद के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रावण मास के पहले सोमवार को भारी भीड़ रही, लेकिन प्रशासनिक सख्ती व पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के चलते कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। बस्ती पुलिस की सक्रियता और सतर्कता से पूरा आयोजन सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
NGV PRAKASH NEWS
