NGV PRAKASH NEWS

नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर से करोड़ों की साइबर ठगी, 12 गिरफ्तार
नोएडा, 16 जुलाई 2025।
नोएडा पुलिस ने एक बड़ी साइबर ठगी का पर्दाफाश करते हुए एक्सप्रेस-वे थाना क्षेत्र में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर पर छापा मारा है। इस कार्रवाई में दो महिलाओं समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, डिजिटल करेंसी और गिफ्ट वाउचर भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेस-वे थाना पुलिस ने जेपी कोसमॉस सोसायटी के टावर KM-7 में यह छापेमारी की। यहां एक पूरा फर्जी कॉल सेंटर तैयार किया गया था, जिसमें अमेरिका सहित अन्य विदेशी नागरिकों को टारगेट कर ठगी की जाती थी। गिरफ्तार किए गए लोग टेलीग्राम और स्काइप जैसे ऐप्स के जरिए अमेरिकी नागरिकों से संपर्क करते थे और उन्हें लोन दिलाने के नाम पर झांसे में लेते थे।
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि यह गिरोह पहले विदेशी ग्राहकों से 300 डॉलर की प्रोसेसिंग फीस वसूलता था। इसके लिए आरोपियों द्वारा एप्पल, ई-बे और वॉलमार्ट जैसे गिफ्ट कार्ड के जरिये पेमेंट मंगवाई जाती थी। जिन लोगों के पास तत्काल भुगतान करने का विकल्प नहीं होता था, उन्हें फर्जी चेक भेजे जाते थे। अगर यह चेक बैंक में क्लियर हो जाता था, तो उसकी रकम भी गिरोह के सदस्य हड़प लेते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 10 लैपटॉप, 16 मोबाइल फोन, 9 लैपटॉप चार्जर, 9 हेडफोन, 5 कीबोर्ड, 5 माउस, इंटरनेट राउटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए हैं। ये आरोपी बिहार, मणिपुर, नागालैंड, गुजरात और मुंबई से ताल्लुक रखते हैं और अंग्रेजी भाषा में दक्ष हैं, जिससे विदेशी नागरिकों को भ्रमित करना इनके लिए आसान हो जाता था।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह गिफ्ट वाउचर और यूएसडीटी (डिजिटल करेंसी) के माध्यम से भुगतान लेता था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क, बैंक खातों और लेनदेन की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
NGV PRAKASH NEWS
