दिल दहला देने वाली हत्या: युवक की बेरहमी से हत्या कर तेजाब से झुलसाया.

➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖

अलीगढ़ में दिल दहला देने वाली हत्या: युवक की बेरहमी से हत्या कर तेजाब से झुलसाया, पत्नी और प्रेमी पर आरोप

अलीगढ़। जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। धनसारी गांव निवासी 28 वर्षीय यूसुफ खां का शव गांव जखेरा के एक बंद पड़े ईंट-भट्ठे की झाड़ियों में मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस हत्या की पूरी कहानी उजागर कर दी है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पहले हाथ बांधे, फिर धारदार हथियार से वार

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, यूसुफ की हत्या बेहद बेरहमी से की गई। पहले उसके दोनों हाथ पीछे खींचकर बांधे गए, फिर पेट पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली गई। हत्या के बाद उसकी शिनाख्त न हो सके, इसके लिए पूरे शरीर पर तेजाब डाल दिया गया। शव चार दिन पुराना था और उस पर कीड़े पड़ चुके थे।

कपड़ों से हुई शिनाख्त

शव की हालत इतनी खराब थी कि सिर के बाल भी गायब थे और शरीर तेजाब से बुरी तरह झुलस चुका था। इसके बावजूद परिजनों ने कपड़े और चप्पल देखकर उसकी शिनाख्त की। पुलिस फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पत्नी और प्रेमी पर हत्या का आरोप

यूसुफ के पिता भूरे खां ने बताया कि उनका बेटा मंडी में पल्लेदारी का काम करता था और 29 जुलाई की सुबह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वह लौटकर नहीं आया। परिवार ने छर्रा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

परिवार का आरोप है कि यूसुफ की पत्नी तब्बसुम और उसके प्रेमी दानिश ने मिलकर उसकी हत्या की है। घटना के बाद से दोनों और उनके परिजन फरार हैं।

दोस्ती और काम दिलाने का बहाना बना साजिश

यूसुफ के ममेरे भाई मुबीन सैफी के अनुसार, दानिश ने काम दिलाने का झांसा देकर यूसुफ से दोस्ती की थी और इसी बहाने उसके घर आना-जाना शुरू कर दिया था। तब्बसुम और दानिश के बीच फोन पर बातचीत को लेकर यूसुफ अक्सर नाराज रहता था।

फिलहाल पुलिस ने पत्नी, प्रेमी दानिश और अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *