
Gyan Prakash Dubey
काशीपुर, 5 जनवरी 2025
5000 किमी पीछा: 12 दिन बाद फैजान नसीर नोएडा से गिरफ्तार
12 दिनों की लंबी मशक्कत और लगभग 5000 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद पुलिस ने एक 17 साल की नाबालिग हिंदू लड़की को मुक्त कराकर आरोपी युवक मीर फैजान नसीर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया।
उत्तराखंड के काशीपुर में 23 दिसंबर को आईटीआई थाने में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 दिसंबर को उसकी 17 वर्षीय बेटी घर से नाराज होकर कहीं चली गई है। पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की।
एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। मोबाइल की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) के आधार पर जांच में पता चला कि किशोरी जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के गुलगांव में देखी गई थी। वह मीर फैजान नसीर के साथ वहां मौजूद थी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी नौकरी के सिलसिले में चंडीगढ़ गया था। जांच में सामने आया कि दोनों 26 से 29 दिसंबर तक दिल्ली में रहे। इसके बाद वे देवास, उज्जैन और हैदराबाद जाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने मध्य प्रदेश और हैदराबाद समेत कई स्थानों पर छानबीन की। आखिरकार उनकी लोकेशन नोएडा में मिली।
करीब 5000 किलोमीटर की यात्रा और 12 दिनों की कड़ी तलाश के बाद पुलिस ने छाजरसी रोड, नोएडा से मीर फैजान नसीर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अदालत में पेश किया गया।
इस घटना ने एक बार फिर लड़कियों की सुरक्षा और समाज में बढ़ते अपराधों पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

