

अजब -गजब
ऑनलाइन मीटिंग में अश्लील वीडियो चलने से हड़कंप, महाराजगंज डीएम ने साइबर जांच के आदेश दिए
महाराजगंज, 12 अगस्त 2025।
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याओं पर सोमवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की मौजूदगी में हुई ऑनलाइन मीटिंग उस समय विवादों में आ गई जब गूगल मीट के जरिए जुड़े एक व्यक्ति ने अश्लील वीडियो चला दिया। घटना से मीटिंग में मौजूद अधिकारी हैरान रह गए।
एनआईसी सभागार से हो रही इस मीटिंग में डीएम के साथ बीएसए रिद्धि पांडेय, सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी और शिक्षक, पत्रकार तथा आमजन जुड़े थे। संवाद के दौरान जर्जर विद्यालय भवन, मिड-डे मील, किताबों के वितरण, युग्मन जैसी समस्याओं पर चर्चा चल रही थी, तभी ‘जैसन’ नामक व्यक्ति ने अचानक स्क्रीन पर अश्लील वीडियो प्ले कर दिया।
जैसे ही जिलाधिकारी की नजर स्क्रीन पर पड़ी, उन्होंने तुरंत वीडियो बंद कराने के आदेश दिए और पुलिस अधीक्षक से बात कर मामले की साइबर जांच कराने को कहा। डीएम ने साफ किया कि इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
दो पर मुकदमा दर्ज, जांच जारी
महाराजगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर सत्येंद्र रॉय ने बताया कि मामले में ‘जैसन’ द्वारा अश्लील वीडियो चलाने और ‘अर्जुन’ नामक व्यक्ति द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग कर मीटिंग में खलल डालने की शिकायत दर्ज कर ली गई है। एबीएसए की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए साइबर टीम को जांच सौंपी गई है।
यह घटना न केवल ऑनलाइन मीटिंग्स की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि सरकारी संवाद मंचों पर शरारती तत्व कैसे माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं।
— NGV PRAKASH NEWS
