👉 खाटू श्याम से लौट रहे थे श्रद्धालु..


दौसा में भीषण सड़क हादसा: खाटू श्याम से लौट रहे 10 श्रद्धालुओं की मौत, 9 घायल
दौसा (राजस्थान) 13 अगस्त 25— बुधवार सुबह राजस्थान के दौसा जिले में खाटू श्याम मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं का सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया। बापी के पास एक यात्री पिकअप और ट्रेलर ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों को जयपुर रेफर
दौसा के जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में घायल हुए 9 लोगों को इलाज के लिए रेफर किया गया है, जिनमें से 7-8 को जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा गया है। वहीं, 3 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
श्रद्धा के सफर में मौत की दस्तक
दौसा के एसपी सागर राणा के अनुसार, मृतक और घायल सभी खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और ओवरटेक की कोशिश हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और ट्रैफिक को बहाल किया।
मौके पर मातम का माहौल
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचना दी जा रही है। श्रद्धालुओं के परिवारों में मातम का माहौल है।
NGV PRAKASH NEWS
