छेड़छाड़ का विरोध करने पर लड़की के भाई पर हमला कर उसकी अंगुली काटने वाले आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Gyan Prakash Dubey

बस्ती, 18 अगस्त 2025।

थाना सोनहा क्षेत्र के असनहरा गांव में छेड़खानी का विरोध करना एक परिवार को इतना भारी पड़ गया कि हालात खून-खराबे तक पहुंच गए। शिकायतकर्ता नारायण पुत्र स्व. कृष्णचंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन के साथ साहिल नामक युवक ने छेड़खानी की। जब परिवार ने विरोध किया, तो साहिल अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान नारायण के भाई पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें उसका पंजा बुरी तरह कट गया। परिजनों को धमकियां देते हुए हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सोनहा पुलिस ने तत्परता दिखाई। 17 अगस्त को मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू की गई और अगले ही दिन, 18 अगस्त की दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस टीम ने असनहरा पोखरा के पास छापेमारी कर आठ आरोपियों को धर दबोचा। इनमें छह पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कसाई चाकू भी बरामद कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी हैं – साहिल पुत्र अब्दुल मजीद उर्फ साकिर, मोहम्मद साजिद पुत्र अब्दुल मजीद, निखिल पुत्र बड़कन, नसीमा खातून पत्नी अब्दुल अजीज, साजमा खातून पत्नी अब्दुल कलाम, मोहम्मद साद पुत्र मोहम्मद रऊफ, असलम पुत्र मोहम्मद इस्लाम और सद्दाम उर्फ जावेद पुत्र अब्दुल वहीद। ये सभी बस्ती जनपद के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी सिद्धार्थनगर जनपद का निवासी है।

पुलिस ने पहले मामला धारा 74, 118(1), 115(2), 351(3) BNS के तहत दर्ज किया था, लेकिन गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद इसमें धारा 191(2), 191(3), 190, 109 BNS की भी वृद्धि कर दी गई है।

इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोतीचंद, निरीक्षक अपराध रमजान अली अंसारी, प्रभारी चौकी असनहरा रितेश कुमार सिंह समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस का मानना है कि इस गिरफ़्तारी से क्षेत्र में भय का माहौल खत्म होगा और पीड़ित परिवार को न्याय की दिशा में राहत मिलेगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *