

सहारनपुर: घर के बाहर खड़ी युवती पर चाकू से हमला, महिला के कपड़े पहने बाइक सवार हमलावर फरार
सहारनपुर, 19 अगस्त 2025।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नागल थाना क्षेत्र के गजेंडी गांव में शनिवार शाम 19 वर्षीय युवती आयशा पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब आयशा अपने घर के बाहर खड़ी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावर गांव में पहुंचे। हैरानी की बात यह रही कि हमलावरों ने महिला के कपड़े पहन रखे थे। युवती के पास पहुंचते ही उन्होंने अचानक गले पर चाकू से वार किया। आयशा की चीख सुनते ही घरवाले और आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
गंभीर रूप से घायल आयशा को पहले गांव के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया कि “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर दी है। पीड़िता के परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।”
गांव में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। लोग चर्चा कर रहे हैं कि हमलावरों ने पहचान छुपाने के लिए महिला का भेष क्यों धारण किया। वहीं, परिवारजन घटना के बाद गहरे सदमे में हैं और आयशा के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
(NGV PRAKASH NEWS)
