नाबालिक से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार..

Gyan Prakash Dubey


बस्ती में नाबालिग से दुष्कर्म, तीन आरोपी गिरफ्तार

बस्ती 19 अगस्त 25.
जिले के सोनहा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 14 साल की मासूम बच्ची को किराने की दुकान जाते समय रास्ते में कुछ दरिंदों ने दबोच लिया और उसके साथ हैवानियत की। इस शर्मनाक कृत्य ने न केवल बच्ची और उसके परिवार को गहरा आघात दिया है बल्कि पूरे इलाके को दहला दिया है।

पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि 16 अगस्त को उनकी बेटी रोज़ की तरह किराने की दुकान जा रही थी। रास्ते में ही गांव के रहने वाले शहबान, दिलशाद और रसीद ने उसका मुंह दबाकर जबरन अपने घर में खींच लिया। वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी शहबान की मां और चाची ने उसे पीटा और जान से मारने की धमकी देकर घर से बाहर फेंक दिया।

घटना से टूटे पिता ने 17 अगस्त को थाना सोनहा में तहरीर दी। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई और स्वाट टीम, एसओजी तथा सर्विलांस सेल की मदद से आरोपियों की घेराबंदी शुरू की। आखिरकार 19 अगस्त की भोर, करीब 2 बजकर 20 मिनट पर दुबौली नहर पुलिया के पास तीनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी—शहबान पुत्र सत्तन, दिलशाद पुत्र सफात अली और रसीद पुत्र राहत अली—ग्राम धौरहरा, थाना सोनहा के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ 186/2025 धारा 70(2), 137(2), 127(2), 115(2), 351(3) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस की इस कार्रवाई में थाना सोनहा, स्वाट टीम, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त भूमिका रही। क्षेत्राधिकारी रुधौली स्वर्णिमा सिंह ने कहा कि “घटना बेहद संवेदनशील है। आरोपियों को कानून के मुताबिक कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जाएगी।”

इस वारदात ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक मासूम बच्ची की चीख ने बता दिया कि दरिंदगी की परछाई गांव-गांव तक पहुंच चुकी है और उसे रोकने के लिए समाज और पुलिस दोनों को और सजग होना होगा।


(NGV PRAKASH NEWS)


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *