NGV PRAKASH NEWS


भारत में TikTok वेबसाइट फिर से खुली, ऐप अभी भी बैन
नई दिल्ली, अगस्त 2025 | NGV PRAKASH NEWS
पांच साल बाद चीन की वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म TikTok की वेबसाइट भारत में फिर से खुल गई है। हालांकि, अभी तक इसका मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर और एपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं है। यही हाल शॉपिंग वेबसाइट AliExpress का भी है, जिसकी साइट भारत में खुल रही है।
दरअसल, जून 2020 में गलवान घाटी में भारत-चीन तनाव के बाद भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए TikTok समेत 59 चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया था। यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69A के तहत हुई थी। उस सूची में TikTok, Shareit, UC Browser, UC News, Vigo Video, Kwai जैसे कई लोकप्रिय ऐप शामिल थे।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि आधिकारिक रूप से बैन अभी भी जारी है और TikTok या ByteDance ने भारत वापसी को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। फिलहाल केवल TikTok का होमपेज खुल रहा है, ऐप की वापसी की पुष्टि नहीं हुई है।
अमेरिका में TikTok पर संकट
दिलचस्प है कि इसी समय अमेरिका में भी TikTok विवादों में है। बाइटडांस को या तो वहां अपने ऑपरेशंस बेचने होंगे या फिर बैन का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, इसी बीच व्हाइट हाउस ने आधिकारिक TikTok अकाउंट लॉन्च किया है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने “अमेरिका, हम वापस आ गए हैं” संदेश दिया।
कांग्रेस का सरकार पर हमला
भारत में TikTok वेबसाइट खुलने की खबर पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “चीन से झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने चीन को क्लीनचिट दी, फिर दबाव पड़ने पर TikTok बैन किया गया। अब वेबसाइट को दोबारा खोलने की इजाज़त देकर सरकार ने शहादत के साथ सौदा कर लिया है।”
कांग्रेस ने इसे मोदी सरकार का “चीन प्रेम, देश प्रेम पर भारी पड़ना” बताया और कहा कि यह फैसला देश की सुरक्षा और सैनिकों की शहादत का अपमान है।
NGV PRAKASH NEWS
