NGV PRAKASH NEWS


गुरुग्राम में बड़ा खुलासा: राहुल फाजिलपुरिया की हत्या करने आए पांच शूटर STF मुठभेड़ में गिरफ्तार
गुरुग्राम,
27 अगस्त 2025,
बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया को मौत के घाट उतारने आए पांच शार्प शूटरों को बुधवार को गुरुग्राम STF ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के मुताबिक, यह साजिश विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों दीपक नांदल और रोहित सिरधानिया ने रची थी.
गौरतलब है कि राहुल फाजिलपुरिया पर पहले भी हमला हो चुका है और उनके फाइनेंसर की हत्या पहले ही हो चुकी है. ऐसे में STF और क्राइम ब्रांच को बुधवार को पुख्ता इनपुट मिला कि गैंगस्टर उनके खिलाफ फिर से वारदात को अंजाम देने वाले हैं.
इस सूचना के आधार पर STF और गुरुग्राम पुलिस की आधा दर्जन क्राइम यूनिट्स ने पटौदी रोड स्थित वजीरपुर इलाके में ट्रैप लगाया. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट वाली इनोवा कार पर शक हुआ. टीम ने कार रोकनी चाही, लेकिन उसमें बैठे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों ओर से गोलियां चलीं. इस दौरान चार बदमाशों को पैरों में गोली लगी और पांचों को दबोच लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झज्जर निवासी विनोद पहलवान, सोनीपत निवासी पदम उर्फ राजा, शुभम उर्फ काला, गौतम उर्फ गोगी और आशीष उर्फ आशु के रूप में हुई है. इनमें से चार को पैरों में गोली लगी है, जिन्हें गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एसटीएफ गुरुग्राम के डीएसपी प्रितपाल सिंह ने बताया कि सभी आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के शूटर हैं और पूछताछ में बड़े खुलासे की उम्मीद है. दिलचस्प बात यह भी है कि पकड़े गए दो बदमाश वे हैं जो पहले एल्विश यादव के घर पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे और हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं.
फिलहाल STF और क्राइम ब्रांच मामले की गहन जांच कर रही है और माना जा रहा है कि पूछताछ में गैंगस्टरों की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों और बॉलीवुड से जुड़े टारगेट्स पर कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
NGV PRAKASH NEWS
