नाबालिक के साथ बार-बार किया गया दुष्कर्म ; बच्ची को दिया जन्म..

NGV PRAKASH NEWS


वाराणसी में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना, गैंगरेप की शिकार नाबालिग ने बच्ची को दिया जन्म

वाराणसी, 26 अगस्त 2025

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को गांव के ही दो लड़कों ने बार-बार अपनी हवस का शिकार बनाया। लगातार हुए दुष्कर्म से नाबालिग गर्भवती हो गई। अब उसने एक बच्ची को जन्म दिया है।

एंबुलेंस और पुलिस हेल्पलाइन से नहीं मिली मदद

परिवार का आरोप है कि जब लड़की को प्रसव पीड़ा हुई तो उन्होंने एंबुलेंस और पुलिस हेल्पलाइन पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। मजबूरी में परिजन लड़की को ऑटो रिक्शा में लिटाकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले गए।

माता-पिता भी असहाय

लड़की के परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है। मां बोल-सुन नहीं सकतीं और पिता मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं। ऐसे में परिवार के पास न्याय की लड़ाई लड़ने की ताकत भी सीमित है।

कैसे हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार, बीते साल दिसंबर में जब लड़की शौच के लिए खेत गई थी, तभी गांव के दो लड़कों ने उसका मुंह दबाकर गन्ने के खेत में ले जाकर दुराचार किया। इसके बाद यह सिलसिला चलता रहा। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते थे, जिससे वह डरकर चुप रही।
गर्भवती होने पर पड़ोस की महिला को शक हुआ। उसने लड़की की मौसी को बताया और फिर यह बात पिता तक पहुंची। इसके बाद परिवार ने 29 जून की रात चौबेपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई

प्रभारी निरीक्षक चौबेपुर, अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि गैंगरेप के आरोप में दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जांच चल रही है। “जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी,” उन्होंने कहा।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *