


📰 छेड़छाड़ की शिकायत लेकर थाने पहुंचे पिता को पुलिस ने लॉकअप में डाला, हार्टअटैक के बाद रेफर
सहारनपुर, 31 अगस्त 2025
सहारनपुर जिले के जनकपुरी थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। महिपुरा निवासी एक परिवार ने आरोप लगाया है कि नाबालिग बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत दर्ज कराने गए पिता को दारोगा और चौकी इंचार्ज ने धमकाया और लॉकअप में डाल दिया। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्टअटैक आ गया।
परिवार का कहना है कि शुक्रवार सुबह 17 वर्षीय बेटी सामान लेने दुकान पर गई थी। रास्ते में गली के ही एक युवक ने उसके साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी से मारपीट की और गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर पिता और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें भी धमकाया और जान से मारने की चेतावनी दी।
घटना के बाद परिवार शिकायत लेकर जनकपुरी थाने पहुंचा, लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद दारोगा और चौकी इंचार्ज ने उल्टा पिता-पुत्र को ही धमकाते हुए लॉकअप में डाल दिया। महिला को भी बंद करने की धमकी दी गई। इसी दौरान पिता की हालत अचानक बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
पुत्र ताबिश ने बताया कि वह लगातार पुलिस से कहता रहा कि पिता हार्ट और बीपी के मरीज हैं, लेकिन पुलिस ने मदद नहीं की। मजबूरन उसने ही बाइक से पिता को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजनों का कहना है कि पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है, जो सच्चाई साबित कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसएसआई और चौकी इंचार्ज राकेश ने पूरे परिवार को धमकाया और प्रताड़ित किया।
इधर, मामले पर एसपी सिटी व्योम बिंदल ने कहा कि थाने में दो पक्ष आपसी विवाद को लेकर आए थे। इस दौरान एक पक्ष के व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई। जांच में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या सामने आई है। पुलिस पर लगे आरोपों की जांच कराई जा रही है और तथ्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
✍️ NGV PRAKASH NEWS
