NGV PRAKASH NEWS


📰 लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, चार की मौत, कई दबे होने की आशंका
लखनऊ, 31 अगस्त 2025
लखनऊ के थाना कुर्सी क्षेत्र के बेहटा बाजार में शनिवार सुबह एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। यह हादसा उस समय हुआ जब पटाखा व्यवसायी आलम अपने घर में ही बारूद और पटाखे बनाने का काम कर रहे थे। धमाका इतना जोरदार था कि पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। इस हादसे में आलम, उनकी पत्नी और दो बेटों की मौके पर ही मौत हो गई। अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि सात से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
मलबे में कई लोगों के दबे होने की संभावना है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। एनडीआरएफ की टीम भी मलबा हटाने और लोगों को निकालने में लगी है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आलम का घर बेहटा बाजार में स्थित था, जहां वह अवैध रूप से पटाखे बनाते थे। जांच में सामने आया है कि घर में भारी मात्रा में बारूद जमा था, जो इस भीषण विस्फोट का कारण बना।
पुलिस और प्रशासन ने पुष्टि की है कि यह पटाखा निर्माण का अवैध कारोबार था और फैक्ट्री के संचालन के लिए कोई लाइसेंस उपलब्ध नहीं मिला। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं उत्तर प्रदेश में लगातार सामने आ रही हैं, जो अवैध पटाखा निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का बड़ा उदाहरण हैं।
यह हादसा लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र के बेहटा गांव (कुर्सी रोड) पर हुआ है और मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।
— NGV PRAKASH NEWS




