दबंग प्रधान ने अपने गुर्गो के साथ दलित को बुरी तरह मारा: अब मुठभेड़ में हुआ गिरफ्तार

NGV PRAKASH NEWS


कौशांबी, 06 सितंबर 2025
दबंग प्रधान का तालिबानी तांडव: बीच चौराहे पर दलित युवक की बेरहमी से पिटाई, मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सराय अकिल थाना क्षेत्र के फकीराबाद चौराहे पर ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन और उसके गुर्गों ने दलित युवक छोटू पासी को बीच सड़क पर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। यह पूरा वाकया चौराहे पर मौजूद लोगों के लिए एक तमाशा बन गया और वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

दरअसल, गुरुवार दोपहर किराना दुकान पर खरीदारी के दौरान छोटू पासी का शरीर मोईन अहमद से टकरा गया। मामूली विवाद को बड़ा मुद्दा बनाते हुए मोईन अहमद ने अपने बेटे सद्दाम हुसैन को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में सद्दाम अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और बीच सड़क पर दलित युवक व उसके परिजनों की पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल छोटू पासी और उसके साथियों को स्थानीय अस्पताल से प्रयागराज रेफर किया गया।

घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर सद्दाम हुसैन सहित 10 लोगों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की।

शुक्रवार देर रात करीब 12:30 बजे पुलिस और सद्दाम हुसैन के बीच इमली गांव के पास मुठभेड़ हुई। इस दौरान सद्दाम के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे धर दबोचा। मौके से एक अवैध तमंचा, तीन कारतूस और एक लग्जरी गाड़ी बरामद की गई। घायल सद्दाम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि यह वही घटना है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। फिलहाल आरोपी गिरफ्तार है और फरार अन्य हमलावरों की तलाश जारी है।

यह घटना प्रशासन और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। भीड़-भाड़ वाले चौराहे पर दलित युवक की इस तरह की पिटाई समाज के लिए एक शर्मनाक तस्वीर पेश करती है। अब देखना होगा कि पीड़ित परिवार को न्याय कब तक और कैसे मिलता है।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *