Gyan Prakash Dubey


ग्राम बिहरा रेहरवा में दो अजनबियों पर हमला, 12 नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
बस्ती, 05 सितम्बर 2025।
जनपद बस्ती के थाना हरैया क्षेत्र के ग्राम बिहरा रेहरवा में बीती रात हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है। यहां गांव के कुछ लोगों ने दो अजनबी युवकों को संदिग्ध मानकर मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बचाया और उपचार कराया। इस मामले में 12 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रात लगभग 1 बजे दो अजनबी युवक ग्राम बिहरा रेहरवा में पहुंचे। गांव के कुछ लोगों ने उन्हें संदिग्ध समझ लिया और उन पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों घायल हो गए और उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त कर दी गई।
पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों घायलों को सुरक्षित निकालकर इलाज कराया। पूछताछ में घायलों ने अपना नाम शिवम पुत्र यदुनाथ सिंह और संदीप यादव पुत्र गजराज सिंह यादव, निवासी ग्राम असेवा थाना भोगनीपुर, जनपद कानपुर देहात बताया। उन्होंने बताया कि वे मोटरसाइकिल से नेपाल घूमकर लौट रहे थे और रास्ते में गजानन ढाबा पर खाना खाने के बाद टहल रहे थे, तभी उन पर हमला कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में ग्राम बिहरा रेहरवा के 12 नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 240/2025 धारा 191(2), 190, 115(2), 351(3), 352, 324(4) बीएनएस के तहत दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों पर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
👉बस्ती पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अजनबी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें। बिना तथ्यों की पुष्टि किए किसी पर हिंसक कार्रवाई न करें, अन्यथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों और भ्रांतियों से बचने तथा शांति और सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
NGV PRAKASH NEWS




