मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर जोर

बस्ती, 18 सितंबर 2026।

आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में मंडल में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं, परियोजनाओं और विकास कार्यों की वर्तमान प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

समयसीमा में पूरे हों विकास कार्य, गुणवत्ता से समझौता नहीं

मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने लंबित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से उनके लंबित होने के कारणों की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई कर परियोजनाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्यघर से लेकर किसान सम्मान निधि तक योजनाओं की समीक्षा

बैठक में पीएम सूर्यघर योजना, खराब ट्रांसफार्मर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एंबुलेंस एवं सिटी स्कैन सेवा, दुग्ध मूल्य भुगतान, दिव्यांग पेंशन, जल निगम, फैमिली आईडी, स्वच्छ भारत मिशन, पर्यटन विकास, ऑपरेशन कायाकल्प, अंडा उत्पादन, मुख्यमंत्री शादी अनुदान, प्रोजेक्ट अलंकार, नई सड़कों का निर्माण, मुख्यमंत्री विवाह योजना और ओडीओपी सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं में अपेक्षित प्रगति बनाए रखें। किसी भी स्तर पर समस्या आने पर उसका तत्काल निराकरण कराया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ लेने में पात्र लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचे योजनाओं का लाभ

मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यकता के अनुसार फील्ड स्तर पर स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागीय अधिकारी योजनाओं की प्रगति की लगातार समीक्षा करें और जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें।

अधिकारी रहे मौजूद

बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना, संतकबीर नगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार, सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., सीडीओ सार्थक अग्रवाल, जयकेश त्रिपाठी, बलराम सिंह, वन संरक्षक रंगराजू टी, मुख्य अभियंता विद्युत विजय कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता जल निगम सौरभ सुमन, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम, उप निदेशक समाज कल्याण राम कुमार चौरसिया, संयुक्त कृषि निदेशक रामबचन राम, संयुक्त आयुक्त उद्योग गौरव मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *