

अमेठी में अजीबोगरीब मामला: पति ने पत्नी की प्रेमी से मंदिर में कराई शादी, अब पत्नी ने पति और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
अमेठी, 15 सितम्बर 2025।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। कमरौली थाना क्षेत्र के दीना का पुरवा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी का विवाह उसके प्रेमी से मंदिर में करवा दिया और खुद ही उसका हाथ प्रेमी के हाथों में सौंप दिया। पति का कहना है कि उसने यह कदम अपनी जान और इज्जत बचाने के लिए उठाया। लेकिन अब इस पूरे प्रकरण में नया मोड़ आ गया है, क्योंकि पत्नी ने अपने ही पति और पुलिस पर गंभीर आरोप जड़े हैं।
विवाह के कुछ दिन बाद ही बिगड़े रिश्ते
जानकारी के अनुसार, शिव शंकर प्रजापति की शादी 2 मार्च 2025 को कमरौली थाना क्षेत्र के उत्तर गांव की उमा प्रजापति से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद उमा अपने पुराने प्रेमी से संपर्क में रहने लगी। वह फोन पर बातचीत करने के साथ ही कई बार मिलने भी जाती थी। इस कारण पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़े होने लगे।
पति ने मंदिर में कराई पत्नी की दूसरी शादी
तनाव बढ़ने पर शिव शंकर ने एक हैरान कर देने वाला फैसला लिया। उसने पत्नी के प्रेमी को बुलाया और मंदिर में दोनों की शादी करा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पति ने स्वयं पत्नी को माला पहनाई और प्रेमी से सिंदूर डलवाकर उसके हाथों में पत्नी का हाथ सौंप दिया। पति का कहना है कि यह कदम उसने खून-खराबे से बचने और अपनी जान की हिफाजत के लिए उठाया।
“आजकल ऐसे मामलों में विवाद इतना बढ़ जाता है कि लोग जान गंवा बैठते हैं। मैंने सोचा अगर पत्नी को प्रेमी के साथ रहना है तो उसकी मर्जी पूरी कर दूं। कम से कम मेरी जान तो बच गई।” — शिव शंकर प्रजापति
पत्नी का पलटवार: पति और पुलिस पर आरोप
हालांकि, शादी के बाद पत्नी उमा ने सारे आरोपों को खारिज कर पति और पुलिस पर ही संगीन आरोप लगाए। उसका कहना है कि वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है, लेकिन उसके पति के किसी और महिला से संबंध हैं। उमा ने दावा किया कि पुलिस की मिलीभगत से जबरन उसकी शादी कराई गई और उसके साथ धोखा हुआ।
“हम अपने पति के साथ रहना चाहते हैं। यह सब झूठ है कि मैंने अपनी मर्जी से शादी की। पुलिस ने दबाव डालकर हमें फंसाया और मेरे भाई से जबरन शादी कराई। मेरे पति का किसी और लड़की से संबंध है।” — उमा प्रजापति
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
पत्नी के इन आरोपों ने पूरे मामले को और पेचीदा बना दिया है। अब यह विवाद पति-पत्नी के झगड़े से निकलकर पुलिस की कार्यप्रणाली तक जा पहुंचा है। गांव और इलाके में इस अनोखी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
NGV PRAKASH NEWS




