NGV PRAKASH NEWS


मां दुर्गा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली बिरहा गायिका सरोज सरगम गिरफ्तार
मिर्जापुर, 24 सितंबर 2025।
सोशल मीडिया पर विवादों में घिरी बिरहा गायिका सरोज सरगम को आखिरकार मिर्जापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सरोज के साथ उसका पति राममिलन बिंद भी पुलिस की गिरफ्त में आया है। आरोप है कि सरोज ने मां दुर्गा के बारे में अपशब्दों का प्रयोग किया और उसका वीडियो बनाकर यूट्यूब सहित कई प्लेटफॉर्म पर शेयर किया था।
जानकारी के मुताबिक, सरोज सरगम ने 19 सितंबर 2025 को अपने यूट्यूब चैनल पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किया था। इस मामले में मड़िहान थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस की साइबर और सर्विलांस टीम ने जांच तेज की और मंगलवार को दोनों आरोपियों को मड़िहान थाना क्षेत्र से दबोच लिया। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इस प्रकरण को लेकर सोशल मीडिया पर गुस्सा फूट पड़ा था और बड़ी संख्या में यूजर्स सरोज की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। विश्व हिंदू परिषद समेत कई हिंदू संगठनों ने भी विरोध प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी।
इसी बीच एक और मामला सामने आया जिसमें वन विभाग और राजस्व टीम ने सरोज सरगम और उसके परिवार द्वारा पटेहरा ब्लॉक के गढ़वा क्षेत्र में कब्जा की गई करीब 15 बीघा जमीन को मुक्त कराया। टीम ने जमीन के कागजात मांगे, लेकिन प्रस्तुत न किए जाने पर अवैध कब्जे को हटवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की जांच जारी है और सरोज सरगम के यूट्यूब चैनल से आपत्तिजनक कंटेंट हटाने की प्रक्रिया पर भी विचार किया जा रहा है।
NGV PRAKASH NEWS




