महिला को नॉर्मल डिलीवरी में पैदा हुई 4 बच्चियां..

NGV PRAKASH NEWS

महिला ने नॉर्मल डिलीवरी से जन्म दिए चार बच्चियां, डॉक्टर भी रह गए हैरान

पूर्णिया (बिहार), 24 सितंबर 2025।
बिहार के पूर्णिया जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने नॉर्मल डिलीवरी के जरिए एक साथ चार बच्चियों को जन्म दिया। यह घटना रविवार को बायसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में हुई।

अस्पताल में पहले से ही तीन बच्चों के जन्म की संभावना जताई गई थी, लेकिन जब चौथी बच्ची ने जन्म लिया तो डॉक्टर और परिजन सभी हैरान रह गए। इस खबर के फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और माहौल उत्साह से भर गया।

बायसी पीएचसी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. अहमर हसन ने बताया कि बनगामा पंचायत के छतीयन पोखरिया निवासी कैसर आलम की पत्नी हसेरन को आशा कार्यकर्ता की मदद से अस्पताल लाया गया था। जांच में तीन बच्चों का पता चला था, लेकिन डिलीवरी के दौरान चौथी बच्ची के जन्म ने सभी को चौंका दिया।

डॉ. हसन के अनुसार, चारों बच्चियां और उनकी मां पूरी तरह से स्वस्थ हैं। इतनी बड़ी डिलीवरी नॉर्मल तरीके से संपन्न होना भी अपने आप में खास है। डॉक्टरों और एएनएम की टीम ने सुरक्षित डिलीवरी पर राहत की सांस ली और खुशी जाहिर की। बेहतर देखभाल के लिए महिला और चारों बच्चियों को राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पूर्णिया रेफर किया गया है।

जानकारों का कहना है कि एक बार में चार बच्चों का जन्म बेहद दुर्लभ है और देशभर में सालभर में ऐसे कुछ ही मामले सामने आते हैं। यह प्रक्रिया जच्चा और बच्चा दोनों के लिए काफी जोखिमभरी होती है, लेकिन इस बार सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *