थाना परशुरामपुर में चला ऑपरेशन क्लीन.. हुई बड़ी कार्यवाही.

Gyan Prakash Dubey


बस्ती, 24 सितम्बर 2025।

थाना परशुरामपुर क्षेत्र में पुलिस विभाग द्वारा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और न्यायालय में लंबित मामलों के प्रभावी निस्तारण हेतु ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनन्दन के आदेश पर, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी हरैया संजय सिंह के कुशल निर्देशन में यह कार्रवाई संपन्न हुई। इस दौरान थानाध्यक्ष परशुरामपुर भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना परिसर में दाखिल किए गए कुल 17 वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया पूरी कराई गई।

इन वाहनों को लंबे समय से विभिन्न मुकदमों, नियम उल्लंघन और अवैध गतिविधियों में उपयोग किए जाने के चलते पुलिस ने जब्त किया था। न्यायालय के आदेशानुसार सभी वाहनों की विधिसम्मत नीलामी की गई और इससे प्राप्त धनराशि को सरकारी खाते में जमा कराया जाएगा।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि ऐसे वाहन जो वर्षों से थाने में खड़े रहते हैं, वे न केवल जगह घेरते हैं बल्कि धीरे-धीरे कबाड़ में भी तब्दील होने लगते हैं। इस कारण न्यायालय के आदेश पर समय-समय पर इनका निस्तारण आवश्यक होता है। नीलामी प्रक्रिया से एक ओर जहां थाना परिसर में साफ-सफाई बनी रहती है, वहीं सरकारी राजस्व में भी बढ़ोतरी होती है।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन क्लीन अभियान का मकसद सिर्फ थानों को कबाड़ मुक्त करना ही नहीं है, बल्कि अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों को निष्प्रभावी करना भी है। इस कार्रवाई से अपराधियों और असामाजिक तत्वों को यह संदेश जाता है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

थाना परशुरामपुर पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई जिलेभर में चर्चा का विषय बनी रही। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानों को निर्देश दिया है कि ऐसे मामलों में लंबित वाहनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें ताकि कानून व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सके।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और थाना स्तर पर लंबित संपत्तियों तथा जब्त वाहनों का समय पर निस्तारण कराया जाएगा।

इस पूरे अभियान में पुलिस टीम सक्रिय रूप से जुटी रही और नीलामी प्रक्रिया को निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से पूरा कराया गया।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *