NGV PRAKASH NEWS


आगरा में नामचीन जिम संचालक ने किया आत्महत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
आगरा। कमला नगर के मुख्य बाजार में स्थित बीस्ट फिटनेस जिम में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहां पहुंचे युवाओं ने संचालक भरत सिंघानिया का शव फंदे पर लटका देखा। 35 वर्षीय भरत बॉडी बिल्डिंग की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम थे। वे मिस्टर आगरा और मिस्टर यूपी का खिताब जीत चुके थे। उनकी अचानक मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
युवाओं ने फौरन पहुंचाया अस्पताल
बीस्ट फिटनेस जिम, वी-मार्ट के ऊपर द्वितीय तल पर स्थित है। सिकंदरा क्षेत्र के मंगलम आधार अपार्टमेंट निवासी भरत सिंघानिया शुक्रवार शाम करीब 7 बजे जिम में फंदे से लटके मिले। जिम पहुंचे युवाओं ने पहले उन्हें बचाने की कोशिश की और तत्काल पास के बीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या का कारण अभी अज्ञात
भरत ने यह कदम क्यों उठाया, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने उनकी पत्नी दीपशिखा और मां बीना से पूछताछ की, लेकिन वे भी कोई कारण नहीं बता सकीं। परिजनों के अनुसार, भरत हाल ही में अपने पिता अंगद सिंह के निधन से दुखी थे। वहीं, उनकी पत्नी प्राइवेट स्कूल में अध्यापिका हैं और परिवार आवास विकास सेक्टर-9 में रहता है।
पत्नी ने बताया कि शाम 3:52 बजे उनकी पति से फोन पर बातचीत हुई थी और उस दौरान सब कुछ सामान्य था। उन्होंने उस समय घर आने से भी मना कर दिया था। परिवार अब गहरे सदमे में है और मां व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय थे भरत
भरत सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। इंस्टाग्राम पर उनके 1961 फॉलोअर्स और 551 पोस्ट हैं, जबकि यूट्यूब पर उनके 892 सब्सक्राइबर और 162 वीडियो अपलोडेड हैं। एक वीडियो में उन्हें अस्पताल में भर्ती दिखाया गया है, जिसके बैकग्राउंड में गाना चल रहा है— “जब भी खुश रहने की कोशिश करता हूं, तब-तब मुझे एक नया दर्द मिलता है।”
इस वीडियो को उनकी मौत के बाद जिम आने वाले युवा लगातार इंटरनेट मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
पुलिस कर रही है गहन जांच
थानाध्यक्ष कमला नगर सुनीत शर्मा ने बताया कि अभी तक आत्महत्या के कारण का पता नहीं चल पाया है। मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया अकाउंट की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि डिजिटल साक्ष्यों से ही आत्महत्या की असली वजह सामने आ सकती है।
यह घटना न केवल आगरा बल्कि पूरे फिटनेस जगत को हिला देने वाली है। जहां एक ओर भरत सिंघानिया जैसे बॉडी बिल्डर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा थे, वहीं उनकी असमय मौत कई सवाल खड़े कर रही है।
— NGV PRAKASH NEWS




